मुश्फिकुर रहीम और लिट्टन दास
गॉल (श्रीलंका): बांग्लादेश ने अनुभवी बल्लेबाज मुश्फिकुर रहीम के शतक की बदौलत श्रीलंका के खिलाफ पहले टेस्ट के बारिश से प्रभावित दूसरे दिन पहली पारी में नौ विकेट पर 484 रन बना लिए। टेस्ट में यह बांग्लादेश का श्रीलंका के खिलाफ चौथा सबसे बड़ा स्कोर है। मुश्फिकुर ने आठ घंटे से ज्यादा समय तक 350 गेंद का सामना करते हुए 163 रन की पारी खेली। इस दौरान उन्होंने दो अहम भागीदारी निभाई। पहले उन्होंने कप्तान नजमुल हुसैन शांतो (148 रन) के साथ रिकॉर्ड 264 रन की साझेदारी की और फिर लिट्टन दास (90 रन) के साथ 149 रन की भागीदारी निभाई। श्रीलंका के लिए असिथा फर्नांडो, मिलन रत्नायके और थारिंदु रत्नायके ने तीन तीन विकेट झटके।
दूसरे दिन बांग्लादेश की टीम 3 विकेट पर 292 रन से आगे खेलने उतरी। शांतो और मुश्फिकुर रहीम ने अपनी शतकीय पारी को आगे बढ़ाया। दोनों ने चौथे विकेट के लिए 250 रन की साझेदारी 456 गेंद में पूरी कर ली और टीम को 300 रन के पार पहुंचा दिया। शांतो 148 रन बनाकर फर्नांडो की गेंद पर मैथ्यूज के हाथों लपके गए।
शांतो के आउट होने के बाद बल्लेबाजी करने लिट्टन दास उतरे। दोनों ने पारी को आगे बढ़ाया लंच तक बांग्लादेश ने और कोई विकेट नहीं गंवाया और 4 विकेट पर 383 रन बना लिए थे। लंच के बाद मुश्फिकुर ने 284 गेंद पर 9 चौके की मदद से अपने 150 रन पूरे कर लिए और टीम को 400 रन के पार पहुंचा दिया। लिट्टन दास ने तेजी से अपना अर्धशतक 64 गेंद में 5 चौके और एक छक्के की मदद से पूरा कर लिया। पांचवें विकेट के लिए दोनों ने शतकीय साझेदारी 170 गेंद में पूरी कर ली।
बांग्लादेश की टीम ने जब 4 विकेट पर 423 रन बना लिए थे तब बारिश शुरू हो गई। उस वक्त मुश्फिकुर 159 और लिट्टन 61 रन बनाकर खेल रहे थे। चायकाल के बाद जब खेल शुरू हुआ तो बांग्लादेश ने 450 रन के आंकड़े को पार कर लिया। लेकिन इसके थोड़ी देर बाद रहीम 163 रन की पारी खेलकर फर्नांडो की गेंद पर एलबीडब्लू हो गए।
मुश्फिकुर रहीम के आउट होने के बाद जल्दी ही लिट्टन दास अपना शतक पूरा किए बगैर पवेलियन लौट गए। लिट्टन 90 रन बनाकर रत्नानायके की गेंद पर विकेट के पीछे लपके गए। 458 के स्कोर पर दोनों जमे बल्लेबाज पवेलियन लौट गए। इसके बाद दिन का खेल खत्म होने तक बांग्लादेश ने 9 विकेट पर 484 रन बना लिए हैं। हसन महमूद और नाहिद राणा बगैर खाता खोले बगैर खेल रहे हैं।
(भाषा इनपुट के साथ)
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। क्रिकेट (Sports News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।