क्रिकेट

'रोहित भाई ने हमें संन्यास के बारे में कुछ नहीं बताया, शुभमन गिल ने दिया चौंकाने वाला बयान

भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने कहा कि सीनियर बल्लेबाज रोहित शर्मा ने अपने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट करियर को लेकर उनसे कोई बात नहीं की है, जिनके संन्यास को लेकर पिछले कुछ दिनों से अटकलों का बाजार गर्म था। इंग्लैंड के खिलाफ रविवार को लॉर्ड्स में खेले गए तीसरे वनडे से पहले अटकल लगाई जा रही थी कि यह रोहित का आखिरी अंतरराष्ट्रीय मैच हो सकता है।

Image

रोहित शर्मा पर शुभमन गिल का बड़ा बयान। फाइल फोटो

लंदन, (भाषा)। भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने कहा कि सीनियर बल्लेबाज रोहित शर्मा ने अपने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट करियर को लेकर उनसे कोई बात नहीं की है, जिनके संन्यास को लेकर पिछले कुछ दिनों से अटकलों का बाजार गर्म था। इंग्लैंड के खिलाफ रविवार को लॉर्ड्स में खेले गए तीसरे वनडे से पहले अटकल लगाई जा रही थी कि यह रोहित का आखिरी अंतरराष्ट्रीय मैच हो सकता है। रोहित ने इस मैच में शानदार शतक लगाया लेकिन टीम को हार का सामना करना पड़ा। भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) के सचिव देवजीत सैकिया ने इन अफवाहों का स्पष्ट खंडन किया था।

रोहित अभी 39 वर्ष के हैं और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर केवल वनडे में ही खेलते हैं। वह लॉर्ड्स में शतक बनाने वाले पहले और सबसे उम्रदराज भारतीय बल्लेबाज बन गए। गिल से पूछा गया कि क्या रोहित ने उन्हें अपने भविष्य को लेकर कुछ संकेत दिया है।

'हमें कुछ नहीं बताया'

गिल ने कहा, हमें उनसे बात करने का मौका ही नहीं मिला। उन्होंने (रोहित ने) हमें कुछ नहीं बताया। मुझे लगता है कि सारी बातें मीडिया में आ चुकी हैं। लेकिन इस बारे में कोई चर्चा नहीं हुई है। गिल ने रोहित की 110 गेंदों पर खेली गई 138 रन की पारी की जमकर प्रशंसा की। रोहित ने अपनी इस पारी में 17 चौके और पांच छक्के लगाए।

गिल ने कहा, 'रोहित भाई ने बड़े ही शानदार तरीके से पारी को संवारा। मैं नॉन-स्ट्राइकर छोर से उनकी बल्लेबाजी देख रहा था। हमारी बातचीत मुख्य रूप से इसी बात पर केंद्रित थी कि अगर हम विकेट बचाकर रखते हैं तो हमारे पास लक्ष्य तक पहुंचने का मौका रहेगा।'

'तेजी से रन बनाए'

उन्होंने कहा, 'पावरप्ले में हम इस बात पर चर्चा कर रहे थे कि शॉट मारें या नहीं। नई गेंद के सामने बल्लेबाजी करना इतना आसान नहीं होता। मुझे लगता है कि जिस तरह से उन्होंने अपनी पारी को गति दी और फिर 70 रन पर पहुंचने के बाद जिस तरह से उन्होंने तेजी से रन बनाए, वह शानदार था।'

कुलदीप यादव को तीनों मैच में नजरअंदाज करने के लिए गिल और कोच गौतम गंभीर को काफी आलोचनाओं का सामना करना पड़ा, जबकि इंग्लैंड ने कई स्पिनरों का इस्तेमाल करके अच्छा प्रदर्शन किया।

गिल ने इस संदर्भ में पूछे गए सवाल के जवाब में कहा, ’’इससे पहले हमने जो मैच खेले थे, उनमें हमने देखा था कि विकेट थोड़े धीमे हो गए थे। जब हम गेंदबाजी कर रहे थे और जब अक्षर (पटेल) भाई गेंदबाजी कर रहे थे, तब ऐसा नहीं लग रहा था कि विकेट इतना धीमा हो जाएगा। मैच आगे बढ़ने के साथ विकेट धीमा होता चला गया।’’

    Umesh Kumar
    उमेश कुमारauthor

    उमेश कुमार पत्रकारिता में पिछले 7 वर्षों से सक्रिय हैं। उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से करने के बाद उन्होंने डिजिटल मीडिया में बतौर स्पोर्ट्स राइटर अपनी मजबूत पहचान बनाई। उमेश ने अमर उजाला (प्रिंट), ईटीवी भारत (हैदराबाद), दैनिक भास्कर और दैनिक जागरण जैसे संस्थानों के साथ काम किया है। उमेश ने क्रिकेट की कई बायलेटरल सीरीज, आईपीएल, वर्ल्ड कप, प्रो कबड्डी लीग, फीफा वर्ल्ड कप, हॉकी वर्ल्ड कप और ओलंपिक जैसे बड़े राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। खेलों की गहरी समझ और डेटा-ड्रिवन स्टोरीटेलिंग उनकी लेखनी की खासियत है।

    और पढ़ें
    End of Article