क्रिकेट

टी20 सीरीज से पहले टीम इंडिया के लिए अच्छी खबर, वापसी के लिए तैयार है यह ओपनर

भारत और साउथ अफ्रीका के बीच टी20 सीरीज से पहले एक गुड न्यूज सामने आई है। टेस्ट सीरीज में चोट के कारण बाहर होने वाले वनडे और टेस्ट में टीम इंडिया के कप्तान शुभमन गिल की फिटनेस पर ताजा अपडेट सामने आई है।

Image

शुभमन गिल (साभार-BCCI)

भारत के टेस्ट और वनडे कप्तान शुभमन गिल गर्दन की चोट से उबर गए हैं और वह दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टी20 श्रृंखला में उप कप्तान के रूप में टीम में वापसी करेंगे। भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) के सूत्रों ने बुधवार को यह जानकारी दी। गिल दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ कोलकाता में खेले गए पहले टेस्ट मैच के दौरान चोटिल हो गए थे। इस कारण वह गुवाहाटी में खेले गए दूसरे टेस्ट और मौजूदा एकदिवसीय श्रृंखला में नहीं खेल पाए। बीसीसीआई सूत्र ने कहा, ‘‘गिल पूरी तरह से ठीक हो गए हैं और उप कप्तान के रूप में वापसी करेंगे।’’

भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच पांच मैच की टी20 श्रृंखला नौ दिसंबर से कटक में शुरू होगी। इसके लिए टीम की घोषणा दिन में बाद में की जाएगी।सूर्यकुमार यादव भारत के नियमित टी20 कप्तान हैं। सूत्र ने इन अटकलों को भी खारिज कर दिया कि बोर्ड के अधिकारी सीनियर खिलाड़ियों विराट कोहली और रोहित शर्मा तथा मुख्य कोच गौतम गंभीर के बीच बढ़ते तनाव पर चर्चा करने के लिए बैठक करने की योजना बना रहे हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘श्रृंखला के बीच में कोई बैठक नहीं होगी। हम श्रृंखला समाप्त होने के बाद देखेंगे कि क्या करना है।’’ भारत टेस्ट श्रृंखला 0-2 से हार गया था, जहां गिल की अनुपस्थिति में ऋषभ पंत ने कप्तानी की थी। गिल के आने से यशस्वी का टी20 टीम में जगह बना पाना मुश्किल होगा। आपको बता दें कि टी20 में शुभमन गिल और अभिषेक शर्मा पारी की शुरुआत करते हैं। यही कारण है कि शानदार प्रदर्शन करने के बावजूद संजू सैमसन को नीचे बल्लेबाजी करनी पड़ रही है।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article