क्रिकेट

पिच क्यूरेटर के साथ गौतम गंभीर की झड़प पर कप्तान शुभमन गिल ने रखी अपनी राय

टीम इंडिया के कप्तान शुभमन गिल ने टीम इंडिया के हेड कोच गौतम गंभीर के साथ सरे के पिच क्यूरेयर के साथ हुई झड़प पर अपनी चुप्पी तोड़ी है। जानिए गिल ने इस मसले पर क्या कहा?

Image

गौतम गंभीर और शुभमन गिल (फोटो क्रेडिट AP)

लंदन: कप्तान शुभमन गिल ने ओवल के मुख्य क्यूरेटर ली फोर्टिस से तीखी बहस के बाद गौतम गंभीर का बचाव करते हुए कहा कि भारतीय कोच को पिच का मुआयना करने का पूरा अधिकार था। भारत के अभ्यास सत्र के दौरान मंगलवार को फोर्टिस ने भारतीय कोचिंग स्टाफ को मुख्य पिच से ढाई मीटर दूर रहने के लिये कहा जबकि उन्होंने जॉगर्स और रबर स्पाइक वाले जूते पहन रखे थे।

गंभीर को यह बोलते सुना गया ,'तुम्हें हम में से किसी को यह बताने की जरूरत नहीं है कि क्या करना है। तु्म्हें इसका अधिकार नहीं है। तुम बस एक मैदानकर्मी हो, और कुछ नहीं।' गिल से पांचवें और आखिरी टेस्ट से पहले जब इस बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा ,'जो कल हुआ, वह गैर जरूरी था। कोच को विकेट देखने का पूरा अधिकार है । समझ में नहीं आया कि क्यूरेटर इसकी अनुमति क्यों नहीं देगा। अगर आपने रबर के स्पाइक्स पहन रखे हैं या नंगे पैर हैं तो दिक्कत नहीं होनी चाहिये। पता नहीं उन्होंने क्यों रोका। पिछले चार मैचों में तो ऐसा कोई मसला नहीं हुआ था।' उसी दिन इंग्लैंड के बल्लेबाज जो रूट और कार्यवाहक कप्तान ओली पोप को मुख्य पिच पर खड़े देखा गया जब वे बल्लेबाजी का छद्म अभ्यास कर रहे थे ।

भारत और इंग्लैंड के बीच पांच मैच की टेस्ट सीरीज अपने निर्णायक मोड़ पर आ पहुंची है। अबतक खेले चार मैच में इंग्लैंड की टीम 2-1 से आगे है। ओवल में खेले जाने वाले पांचवें और आखिरी टेस्ट मैच से पहले इंग्लैंड की टीम में चार बड़े बदलाव हुए हैं। कप्तान बेन स्टोक्स कंधे की चोट की वजह से बाहर हो गए हैं।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article