क्रिकेट

Asia Cup 2025 से पहले फिटनेस टेस्ट में पास हुए जसप्रीत बुमराह और शुभमन गिल, जानिए अन्य खिलाड़ियों का हाल

एशिया कप 2025 के आगाज से पहले भारतीय टीम के उपकप्तान शुभमन गिल और जसप्रीत बुमराह सहित कई अहम खिलाड़ियों ने बेंगलुरू के सेंटर ऑफ एक्सिलेंस में आयोजित फिटनेस टेस्ट पास कर लिया है।

Image

शुभमन गिल और जसप्रीत बुमराह (फोटो क्रेडिट AP)

बेंगलुरु: भारत के टेस्ट कप्तान शुभमन गिल और एकदिवसीय कप्तान रोहित शर्मा सहित भारतीय क्रिकेटरों ने यहां बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में आयोजित सत्र पूर्व फिटनेस परीक्षण पास कर लिया। गिल और उनके साथी जसप्रीत बुमराह तथा जितेश शर्मा भी फिटनेस मानकों पर खरे उतरे हैं। पंजाब के इस 25 वर्षीय बल्लेबाज को इस टी20 टूर्नामेंट के लिए भारत का उप-कप्तान बनाया गया है। भारतीय टीम नौ सितंबर से शुरू होने वाले एशिया कप के लिए जल्द ही दुबई रवाना होगी।

गिल के लिए अनिवार्य था फिटनेस टेस्ट

गिल के लिए फिटनेस परीक्षण अनिवार्य हो गया था क्योंकि उन्हें बुखार के कारण दलीप ट्रॉफी से हटना पड़ा था जहां उन्हें उत्तर क्षेत्र का कप्तान बनाया गया था और वे पिछले कुछ दिनों से अपने गृहनगर में आराम कर रहे थे। पीटीआई को पता चला है कि जिन अन्य खिलाड़ियों ने बिना किसी समस्या के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में परीक्षण पास किया उनमें मोहम्मद सिराज, यशस्वी जायसवाल, वॉशिंगटन सुंदर और शार्दुल ठाकुर शामिल हैं। अब मानक यो-यो परीक्षण के अलावा फिटनेस परीक्षण के दौरान हड्डियों के घनत्व की जांच के लिए एक सरलीकृत विधि डीएक्सए स्कैन भी किया गया।

सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के प्रशिक्षण केंद्र में कुछ दिन रहेंगे रोहित शर्मा

जायसवाल और वॉशिंगटन दोनों महाद्वीपीय प्रतियोगिता के लिए स्टैंडबाई सूची में हैं जबकि शार्दुल चार सितंबर से मध्य क्षेत्र के खिलाफ दलीप ट्रॉफी सेमीफाइनल में पश्चिम क्षेत्र की कप्तानी करने के लिए शहर में ही रहेंगे। टेस्ट और टी20 प्रारूपों से संन्यास लेने के बाद रोहित के पास तत्काल कोई कार्यभार नहीं है लेकिन यह सीनियर बल्लेबाज नवंबर में एकदिवसीय श्रृंखला के लिए ऑस्ट्रेलिया जा सकता है और उससे पहले वह 30 सितंबर, तीन और पांच अक्टूबर को कानपुर में ऑस्ट्रेलिया ए के खिलाफ भारत ए के लिए तीन एकदिवसीय मैच भी खेल सकते हैं। इसकी पुष्टि अभी बाकी है लेकिन रोहित के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में प्रशिक्षण के लिए कुछ और दिन शहर में ही रहने की संभावना है।

मेडिकल टीम की निगरानी में हैं ध्रुव जुरेल

एशिया कप टीम के अन्य सदस्य जैसे अर्शदीप सिंह, हर्षित राणा, कुलदीप यादव और रियान पराग (स्टैंडबाय) अपनी-अपनी क्षेत्रीय टीमों के लिए दलीप ट्रॉफी क्वार्टर फाइनल में खेल चुके हैं और अब उनके लिए अलग से फिटनेस टेस्ट नहीं होगा। स्टैंडबाई खिलाड़ियों में शामिल विकेटकीपर बल्लेबाज ध्रुव जुरेल कमर में दर्द के कारण दलीप ट्रॉफी क्वार्टर फाइनल से बाहर हो गए थे और मध्य क्षेत्र का यह कप्तान अब भी मेडिकल टीम की निगरानी में हैं।

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article