IPL 2023, Delhi Capitals: पूर्व आस्ट्रेलियाई आल राउंडर और दिल्ली कैपिटल्स के सहायक कोच शेन वाटसन ने कहा कि टीम के नये कप्तान डेविड वॉर्नर 31 मार्च से शुरु हो रही इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के आगामी सत्र में खुद को साबित करना चाहेंगे। इसके अलावा शेन वॉटसन ने दो और खिलाड़ियों का नाम बताया है जो इस आईपीएल सीजन में दिल्ली कैपिटल्स की किस्मत पलट सकते हैं।
आईपीएल इतिहास में दिल्ली कैपिटल्स आज तक एक भी खिताब नहीं जीत सकी है, उनके पास कई दिग्गज खिलाड़ी भी मौजूद रहे हैं, फिर भी खिताब के करीब आकर भी वे चूकते रहे। इस बार एक बार फिर उनका प्रयास होगा कि वो अपनी किस्मत को पलटें। ऋषभ पंत की गैरमौजूदगी में किन तीन खिलाड़ियों पर भरोसा जता सकती है, वॉटसन ने बताया है।
डेविड वॉर्नर
ऋषभ पंत पिछले साल दिसंबर में कार दुर्घटना में घायल होने कारण आईपीएल 2023 सत्र में नहीं खेल पायेंगे जिससे वॉर्नर को दिल्ली कैपिटल्स का कप्तान नियुक्त किया गया। वॉर्नर पहले भी दिल्ली की फ्रेंचाइजी की कप्तानी कर चुके हैं तब इसका नाम दिल्ली डेयरडेविल्स था और आईपीएल में कप्तान के तौर पर उन्हें सनराइजर्स हैदराबाद के साथ सफलता मिली जब उनकी अगुआई में टीम ने 2016 चरण का खिताब जीता था।पर बल्ले से खराब फॉर्म और फिर टीम प्रबंधन से कुछ मनमुटाव के कारण 2021 सत्र में उन्हें बाहर कर दिया गया। वह 2022 सत्र में दिल्ली कैपिटल्स से जुड़े थे।
वह विदेशी खिलाड़ियों में सबसे ज्यादा रन जुटाने वाले खिलाड़ी हैं और उनके नाम 5,881 रन हैं। हाल में भारत के दौर पर उनकी खराब फॉर्म जारी रही जिसमें से वह नागुपर और दिल्ली दो टेस्ट में विफल रहे जबकि एकमात्र वनडे में 23 रन ही बना सके। उन्होंने कोहनी में ‘हेयरलाइन फ्रेक्चर’ से उबरने के बाद इस दौरे पर वापसी की थी।
वॉटसन ने स्टार स्पोर्ट्स से कहा, ‘‘डेविड वॉर्नर मेरे लिये क्रम में शीर्ष पर हैं। वह खुद को साबित करना चाहेंगे। उन्होंने आईपीएल में हमेशा इतने रन जुटाये हैं। सलामी बल्लेबाज के तौर पर वह जो कुछ भी रन जुटाते हैं, वह काफी महत्वपूर्ण होंगे।’’
