क्रिकेट

Saurabh Netravalkar: सॉफ्टवेयर इंजीनियर ने किया टीम इंडिया के खिलाफ अटैक, क्रिकेट के दो सुपर कंप्यूटर हुए हैक

सॉफ्टवेयर इंजीनियर सौरभ नेत्रवलकर ने भारत के खिलाफ धमाकेदार गेंदबाजी करते हुए 7 गेंद के अंतराल में विराट कोहली और रोहित शर्मा जैसे धाकड़ बल्लेबाजों को चलता कर दिया। यह पल उनके लिए एक सपने के सच होने जैसा था।

Image

विराट कोहली के विकेट के जश्न मनाते सौरभ नेत्रवलकर

Photo : AP
KEY HIGHLIGHTS
  • सौरभ नेत्रवलकर ने ढाया भारत के खिलाफ कहर
  • पहले दो ओवर में ही झटके विराट कोहली और रोहित शर्मा के विकेट
  • अमेरिका को दिलाई 111 रन के लक्ष्य का बचाव करते हुए शानदार शुरुआत

न्यूयॉर्क: भारत के लिए अंडर-19 विश्व कप खेल चुके अमेरिकी तेज गेंदबाज सौरभ नेत्रवलकर ने टीम इंडिया के खिलाफ टी20 विश्व कप 2024 के मुकाबले में स्वप्निल शुरुआत की। जीत के लिए 111 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम के लिए पारी का आगाज करने रोहित शर्मा और विराट कोहली की जोड़ी उतरी। नेत्रवलकर इन दो धाकड़ बल्लेबाजों के सामने अमेरिका के लिए गेंदबाजी की शुरुआत करने उतरे और महज 7 गेंद के अंतराल में विराट कोहली और रोहित शर्मा को वापस पवेलियन भेजकर टीम इंडिया को बैकफुट पर धकेल दिया।

विराट नहीं कर पाए सौरभ की गेंद को डिकोड

भारतीय पारी की दूसरी गेंद पर विराट कोहली को ओवर द विकेट गेंदबाजी करते हुए ऑफ स्टंप से बाहर जाती गेंद डाली। इस गेंद को विराट ने कवर की दिशा में खेलने की कोशिश की और गच्चा खा गए। विराट कोहली के बल्ले का बाहरी किनारा लेते हुए गेंद सीधे विकेटकीपर के दस्तानों में पहुंच गई। विराट अपना खाता भी नहीं खोल पाए।

रोहित भी हुए चारों खाने चित्त

इसके बाद नेत्रवलकर ने अपने दूसरे ओवर की दूसरी गेंद पर कप्तान रोहित शर्मा को भी कैच कराकर पवेलियन वापस भेज दिया। रोहित ने नेत्रवलकर की लेंथ डिलिवरी को उसे मिड ऑन की दिशा में खेलने की कोशिश की। गेंद उनके बल्ले के किनारे पर लगते हुए हवा में उछली और मिड ऑफ पर तैनात हरमीत सिंह ने मौका हाथ से नहीं जाने दिया और रोहित को चलता कर दिया। रोहित 3 रन बना सके। मुंबई के बल्लेबाज को मुंबई में पैदा हुए अमेरिकी गेंदबाज और मुंबई में जन्मे फील्डर ने अपसी जुगलबंदी से चलता कर दिया। सौरभ ने अपने पहले दो ओवर में 4 रन देकर 2 विकेट लिए।

सॉफ्टवेयर इंजीनियर बनने पहुंचे थे अमेरिका

मुंबई के सरदार पटेल कॉलेज से कम्प्यूटर साइंस में इंजीनियरिंग की डिग्री हासिल करने के बाद सौरभ नेत्रवलकर ने अमेरिका का रुख किया। साल 2010 में भारत के लिए अंडर-19 विश्व कप में शिरकत करने के बाद उन्हें मुंबई के लिए रणजी डेब्यू करने का मौका मिल गया। लेकिन उनके क्रिकेट के सपनों को उड़ान नहीं मिल सकी और वो सॉफ्टवेयर की फील्ड में करियर बनाने अमेरिका पहुंच गए। वहां उन्हें ऑरेकल जैसी बड़ी सॉफ्टवेयर कंपनी में काम करने के साथ-साथ अमेरिकी टीम के लिए खेलने का मौका मिला।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article