क्रिकेट

IND vs NZ: 'मैं पूरी तरह टूट गया था,' किसकी मदद से वर्ल्ड चैंपियन बने संजू सैमसन, खुद किया खुलासा

भारतीय टीम घरेलू मैदान पर खिताब जीतने वाली पहली टीम बनी। लगातार दूसरी बार खिताब जीतने वाली पहली टीम बनी और तीन बार खिताब जीतने वाली पहली टीम बनी। भारत प्रबल दावेदार के रूप में उतरे थे और उन्होंने इस धारणा को बखूबी सच साबित किया है। फाइनल मुकाबले में संजू सैमसन ने 89 रन की उम्दा पारी खेली। उन्होंने प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट का खिताब मिला।

Image

संजू सैमसन को मिला प्लेयर ऑफ मैच का अवार्ड।

स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल मुकाबले में भारत ने न्यूजीलैंड को 96 रन से मात दी। कीवी टीम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। भारत ने पांच विकेट के नुकसान पर 255 रन बनाए। संजू सैमसन ने 89 रन की पारी खेली। न्यूजीलैंड को जीत के लिए 266 रन का टारगेट मिला। लक्ष्य का पीछा करते हुए कीवी टीम 159 रन बनाकर सिमट गई। बुमराह ने 4 विकेट चटकाए।

संजू सैमसन को उनके दमदार प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट का खिताब मिला। वर्ल्ड चैंपियन बनने के बाद संजू सैमसन ने अपने हार्ड टाइम का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि जब वह मुश्किल दौर से गुजर रहे थे तो किसने मदद की। साथ ही फाइनल मैच में अर्धशतकीय पारी खेलने और चैंपियन बनने के लिए भगवान को शुक्रिया दिया।

'भावनाएं संभालना मुश्किल'

संजू ने कहा, यह किसी सपने जैसा लग रहा है। मैं बहुत खुश हूं और आभारी भी। शब्द कम पड़ रहे हैं। भावनाएं संभालना मुश्किल हो रहा है। मेरे तीन अर्धशतकों की बात करें तो सच कहूं तो इसकी शुरुआत एक दो साल पहले ही हो गई थी। 2024 विश्व कप में मैं टीम का हिस्सा था, लेकिन मुझे खेलने का मौका नहीं मिला। तब से मैं लगातार खुद को उन पलों में देखने की कोशिश कर रहा था। लगातार मेहनत कर रहा था। मैं ठीक वही करना चाहता था जो आज हुआ है।

'सचिन सर से की लगातार बात'

संजू सैमसन ने आगे कहा, न्यूजीलैंड सीरीज के बाद मैं पूरी तरह टूट गया था। ऐसा लग रहा था जैसे मेरे सारे सपने बिखर गए हों। मैं सोच रहा था कि अब क्या करूं। लेकिन शायद भगवान ने कुछ और ही तय कर रखा था। बड़े सपने देखने की हिम्मत करने का मुझे इनाम मिला है। कई पूर्व खिलाड़ियों ने मुझसे संपर्क किया और मदद करने की कोशिश की। पिछले कुछ महीनों से मेरी सचिन सर से लगातार बात हो रही थी।

'कुछ दिन बाद सोचूंगा कि आगे क्या करना है'

वर्ल्ड चैंपियन संजू ने कहा, 'मैंने ही उनसे संपर्क किया था और हमारे बीच लंबी बातचीत हुई। उनके जैसा मार्गदर्शन मिल जाए तो इससे बड़ी बात क्या हो सकती है। जिन लोगों ने मेरा साथ दिया मैं उन सभी का दिल से आभारी हूं। अब आगे क्या हासिल करना है। सच कहूं तो यह मेरे लिए बहुत बड़ी उपलब्धि है। अभी मैं बस इस पल का आनंद लेना चाहता हूं। कुछ दिनों बाद बैठकर सोचूंगा कि आगे क्या करना है।'

सूर्यकुमार यादव का दबदबा

टी20 क्रिकेट में सूर्यकुमार यादव की टीम का दबदबा देखने को मिलता है। दो साल की अवधि में लगभग 80% जीत प्रतिशत। यह अभूतपूर्व है। इस ट्रॉफी के सबसे ज्यादा हकदार वे खिलाड़ी हैं जिन्होंने अनिश्चितताओं से भरे इस प्रारूप में जीत को अपनी आदत बना लिया है।

Umesh Kumar
उमेश कुमारauthor

उमेश कुमार पत्रकारिता में पिछले 7 वर्षों से सक्रिय हैं। उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से करने के बाद उन्होंने डिजिटल मीडिया में बतौर स्पोर्ट्स राइटर अपनी मजबूत पहचान बनाई। उमेश ने अमर उजाला (प्रिंट), ईटीवी भारत (हैदराबाद), दैनिक भास्कर और दैनिक जागरण जैसे संस्थानों के साथ काम किया है। उमेश ने क्रिकेट की कई बायलेटरल सीरीज, आईपीएल, वर्ल्ड कप, प्रो कबड्डी लीग, फीफा वर्ल्ड कप, हॉकी वर्ल्ड कप और ओलंपिक जैसे बड़े राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। खेलों की गहरी समझ और डेटा-ड्रिवन स्टोरीटेलिंग उनकी लेखनी की खासियत है।

और पढ़ें
End of Article