India Win T20 World Cup 2026: डिफेंडिंग चैंपियन टीम इंडिया ने टी20 वर्ल्ड कप में विश्व रिकॉर्ड बना दिया। वह पहली टीम बन गई है जिसने लगातार दूसरी और कुल तीसरी बार टी20 वर्ल्ड कप का खिताब अपने नाम किया। फाइनल मैच में भारत ने न्यूजीलैंड को मात दी और घर में टी20 विश्व कप जीतने वाली पहली टीम बनीं।
टी20 वर्ल्ड कप फाइनल मुकाबले में टॉस जीतकर न्यूजीलैंड ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा ने तूफानी बल्लेबाजी करते हुए भारत को ताबड़तोड़ शुरुआत दिलाई। दोनों अर्धशतकीय पारी खेली। ईशान किशन ने भी आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए फिफ्टी पूरी की।
96 रन से भारत ने दर्ज की जीत
आखिरी में शिवम दुबे ने 8 गेंद पर 26 रन बनाकर भारत को 250 के पार पहुंचा दिया। यह टी20 वर्ल्ड कप फाइनल का सबसे बड़ा स्कोर रहा। इसके जवाब में न्यूजीलैंड की पूरी टीम 159 रन ही बना सकी। भारत ने 96 रन से फाइनल अपने नाम किया।
लगातार दूसरी बार जीता खिताब
फाइनल जीतने के साथ ही भारत ने विश्व रिकॉर्ड बना दिया। भारत पहली टीम बनी जिसने लगातार दूसरी बार टी20 वर्ल्ड कप का खिताब जीता और अपने खिताब का बचाव किया। इससे पहले साल 2024 में भारतीय टीम ने रोहित शर्मा की कप्तानी में ट्रॉफी जीती थी। भारत ने कुल तीसरी बार टी20 वर्ल्ड कप की ट्रॉफी जीतने वाली पहली टीम बनीं।
सरजमीं पर रचा इतिहास
इसके अलावा भारतीय टीम ने एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की। वह पहली टीम बनी जिसने मेजबान होते हुए टी20 वर्ल्ड कप की ट्रॉफी जीती। इससे पहले कोई भी होस्ट नेशन यह कमाल नहीं कर सका था। इससे पहले साल 2011 में वनडे वर्ल्ड कप के दौरान भी भारतीय टीम ने इतिहास रचा था। उस दौरान भी भारतीय टीम ने इतिहास रचा था और होस्ट नेशन के रूप में वनडे वर्ल्ड कप जीता था। तब महेंद्र सिंह धोनी कप्तान थे।
इतिहास के पन्नों में दर्ज हुए सूर्या
भारतीय टीम ने साल 2007 का उद्घाटन संस्करण का खिताब अपने नाम किया था। फाइनल में पाकिस्तान को हराया था। इसके बाद 17 साल बाद रोहित शर्मा की कप्तानी साल 2024 में भारत ने साउथ अफ्रीका को फाइनल में हराकर खिताब अपने नाम किया। अब सूर्यकुमार की कप्तानी में भारतीय टीम ने ट्रॉफी उठाई है। सूर्या का नाम इतिहास के पन्नों में दर्ज हो गया है।
