क्रिकेट

संजय मांजरेकर ने विराट कोहली को लिया आड़े हाथ, कहा इस कमजोरी का हल ढूंढने में रहे नाकाम

एडिलेड टेस्ट की पहली पारी में महज 7 रन बनाकर विराट कोहली पवेलियन लौट गए। ऐसे में पूर्व क्रिकेटर और कमेंटेटर संजय मांजरेकर ने बताया है कि विराट कोहली किस कमजोरी का इलाज ढूंढने में नाकाम रहे हैं जिसका खामियाजा उन्हें भुगतना पड़ा है।

Image

विराट कोहली

Photo : AP

एडिलेड: भारत के पूर्व बल्लेबाज संजय मांजरेकर का मानना है कि दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली की ऑफ स्टंप के बाहर अपनी कमजोरी को दूर करने का तरीका नहीं तलाशने की ‘जिद’ के कारण उनका बल्लेबाजी औसत 50 से घटकर 48.13 पर आ गया है। कोहली ने बॉर्डर-गावस्कर श्रृंखला में पर्थ में खेले गये शुरुआती टेस्ट में शतक लगाकर खेल के पारंपरिक प्रारूप में लंबे समय से चले आ रहे शतकों के सूखे को खत्म किया था। वह हालांकि शुक्रवार को एडिलेड ओवल में शुरू हुए दूसरे टेस्ट में अपनी लय बरकरार नहीं रख सके और सात रन पर आउट हो गये।

स्टार्क की गेंद पर एडिलेड में लपके गए विराट

कोहली बांए हाथ के तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क की ऑफ स्टंप के बाहर उछाल लेती गेंद पर बल्ला अड़ा कर स्लिप में स्टीव स्मिथ को कैच दे बैठे। कोहली के आउट होने के बाद मांजरेकर ने ट्विटर पर लिखा,'विराट का औसत अब 48 के आसपास पहुंचने का एक महत्वपूर्ण कारण ऑफ स्टंप के बाहर की कमजोरी है। इससे भी बड़ी बात यह है कि वह इससे निपटने के लिए कोई अन्य तरीका न अपनाने की जिद पर अड़े हैं।'

2022 से 50 से नीचे है विराट का टेस्ट औसत

कुछ साल पहले तक टेस्ट में कोहली का औसत 54-55 के आसपास था लेकिन लंबे समय तक बड़ी पारी खेलने में विफल रहने के कारण 2022 में उनका औसत 50 के नीचे गिर गया था। ऑस्ट्रेलिया दौरे से पहले कोहली ने न्यूजीलैंड के खिलाफ तीन मैचों की घरेलू श्रृंखला में 15.50 की औसत से सिर्फ 93 रन बनाये थे।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article