क्रिकेट

GT vs DC: गुजरात टाइटंस के लिए अच्छी खबर, दिल्ली के खिलाफ खेलने के लिए तैयार है ओपनर

GT vs DC: आईपीएल का 14वां मुकाबला दिल्ली और गुजरात के बीच खेला जाएगा। इस मुकाबले से पहले गुजरात टाइटंस के लिए एक अच्छी खबर सामने आ रही है। साई सुदर्शन ने शुभमन गिल की इंजरी को लेकर अपडेट दिया है।

Image

गुजरात और दिल्ली मैच (साभार-X)

GT vs DC: आईपीएल का 14वां मुकाबला दिल्ली के अरुण जेटली क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। इस मुकाबले से पहले गुजरात के फैंस के लिए एक अच्छी खबर सामने आ रही है। गुजरात के कप्तान शुभमन गिल पिछला मुकाबला नहीं खेल पाए थे, लेकिन अब वह मांसपेशियों में जकड़न से उबर गए हैं और बुधवार को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मैदान पर उतरने के लिए पूरी तरह से तैयार हैं। पिछले मैच से बाहर रहे गिल के सलामी जोड़ीदार साई सुदर्शन ने इस बात की जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि कप्तान गिल खेलने के लिए पूरी तरह फिट हैं। मैच से एक दिन पहले सुदर्शन ने कहा, ’’वह बिल्कुल ठीक हैं और खेलेंगे।’’

टाइटन्स की टीम अपने शीर्ष बल्लेबाजी क्रम पर अधिक निर्भर मानी जाती रही है। पिछले मैच में सुदर्शन से मिली अच्छी शुरुआत के बावजूद मध्यक्रम के खराब प्रदर्शन के कारण टीम को हार झेलनी पड़ी। बाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने कहा कि टीम को वाशिंगटन सुंदर और ग्लेन फिलिप्स की मौजूदगी वाले अपने मध्य क्रम पर पूरा भरोसा है। सुदर्शन ने कहा, ’’अगर शीर्ष तीन बल्लेबाजों में से कोई एक लंबे समय तक क्रीज पर टिका रहता है तो यह टीम के लिए हमेशा एक बहुत अच्छी बात होती है। हमें अपने मध्य क्रम पर पूरा भरोसा है। यही वह टीम है जिसने पिछले साल खेला था और हम क्वालीफाई करने में सफल रहे थे। अभी तो सिर्फ दो ही मैच हुए हैं और मुझे तथा पूरी टीम को पूरा विश्वास है कि हमारा मध्य क्रम हमें मैच जिताएगा।’’

आईपीएल 2026 की तैयारियों के बारे में बात करते हुए उन्होंने कहा, ’’कोई खास तैयारी तो नहीं की लेकिन जिस सबसे अहम बात पर मेरा ध्यान था वह यह थी कि अगर हमें कोई बहुत बड़ा लक्ष्य हासिल करना हो तो हम अपनी पारी की शुरुआत किस तरह करेंगे। इसलिए यह बस जागरूकता और मानसिकता से जुड़ा एक पहलू था और इस बात पर विचार करना था कि हम उस समय कौन-कौन से सही फैसले ले सकते हैं। टूर्नामेंट शुरू होने से पहले मैं इसी चीज पर काम कर रहा था।’’

सुदर्शन ने कहा, ’’और सबसे बड़ी बात यह है कि आपका दिमाग पूरी तरह से शांत और व्यवस्थित होना चाहिए। मैंने इस पर काफी समय दिया है। मैं योग करता हूं और खुद को मानसिक रूप से फिट रखने के लिए मैं ध्यान का काफी अभ्यास करता हूं।’’

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article