क्रिकेट

केपटाउन टेस्ट में बल्लेबाजों के हाल पर सचिन तेंदुलकर ने ली चुटकी, नए साल की ऐसी शुरुआत को बताया अविश्वसनीय

  • Authored by: नवीन चौहान
  • Updated Jan 4, 2024, 01:19 AM IST

IND vs SA Second Test: दक्षिण अफ्रीका और भारत के बीच केपटाउन में खेले जा रहे सीरीज के दूसरे टेस्ट के पहले दिन लगी विकेटों की पतझड़ पर मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर ने चुटकी ली है।

Image

सचिन तेंदुलकर और मोहम्मद सिराज

केपटाउन: भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच खेले जा रहे सीरीज के दूसरे टेस्ट का पहला दिन गेंदबाजों के नाम रहा। पहले ही दिन दोनों टीमें एक-एक बार ढेर हो गईं और दूसरी पारी में मेजबान टीम ने 3 विकेट भी गंवा दिए। ऐसे में टीम इंडिया के पूर्व कप्तान सचिन तेंदुलकर ने विकेटों की पतझड़ पर मजेदार चुटकी ली है। सचिन ने ट्वीट करके कहा कि साल 2024 की शुरुआत 23 विकेट के साथ हुई। सचिन ने ट्वीट करके कहा, साल 2024 में क्रिकेट की शुरुआत एक दिन में 23 विकेट गिरने के साथ हुई है। ये अविश्वसनीय है। मैंने दक्षिण अफ्रीका की पारी के खत्म होने के बाद फ्लाइट पकड़ी थी लेकिन जब मैं वापस घर पहुंचा तो दक्षिण अफ्रीका की दूसरी पारी में तीन विकेट गिर चुके थे। क्या मैंने कुछ मिस किया?

पहली पारी में 55 रन पर ढेर हुए द. अफ्रीका

भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच केपटाउन में बुधवार को शुरू हुए सीरीज के दूसरे टेस्ट मैच के पहले दिन तेज गेंदबाजों के कहर के सामने दोनों टीमों के बल्लेबाजों का हाल बेहाल हो गया। हरे विकेट पर टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। मोहम्मद सिराज ने इस फैसले को बुमराह और मुकेश कुमार के साथ मिलकर गलत साबित कर दिया। मेजबान टीम 55 रन पर ढेर हो गई। सिराज ने 9 ओवर में 15 रन देकर 6 विकेट झटके। वहीं 2-2 विकेट बुमराह और मुकेश कुमार को मिले।

भारतीय टीम ने शून्य पर गंवाए आखिरी 6 विकेट

इसके बाद भारतीय टीम बल्लेबाजी करने उतरी लेकिन लुंगी नगिडी और कगिसो रबाडा ने कहर बरपा दिया। भारतीय टीम 153 रन पर 4 विकेट गंवाकर बड़ी बढ़त पहली पारी में हासिल करती दिख रही थी लेकिन 11 गेंद के अंतराल में बगैर कोई रन दिए 6 विकेट लिए और पूरी टीम को 153 रन पर ढेर कर दिया। 98 रन से पिछड़ने के बाद पहले ही दिन दूसरी बार बल्लेबाजी करने उतरी तो दिन का खेल खत्म होने तक 62 रन पर 3 विकेट गंवा दिए।

पहले दिन गिरे 23 विकेट, बना नया रिकॉर्ड

केपटाउन टेस्ट के पहले दिन 75 ओवर का खेल हुआ। जिसमें 270 रन बने और कुल 23 विकेट गिरे। इसके साथ ही केपटाउन टेस्ट में पहले दिन सबसे ज्यादा विकेट गिरने का नया वर्ल्ड रिकॉर्ड बन गया। इससे पहले साल 2011 में इसी मैदान पर ऑस्ट्रेलिया-दक्षिण अफ्रीका के बीच खेले गए टेस्ट में 23 विकेट गिरे थे। एक दिन में सबसे ज्यादा विकेट गिरने का विश्व रिकॉर्ड साल 1888 में इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेले गए मैच के नाम दर्ज है।

नवीन चौहान
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article