क्रिकेट

T20 World Cup 2024 Final: रोहित शर्मा के नाम दर्ज हुआ स्पेशल कप्तानी रिकॉर्ड, दिग्गजों के क्लब में भी हुई एंट्री

भारतीय क्रिकेट टीम के टी20 विश्व कप 2024 के फाइनल में प्रवेश करते ही टीम के कप्तान रोहित शर्मा के नाम एक विशिष्ट रिकॉर्ड दर्ज हो गया। उन्होंने जो कर दिखाया है वो और कोई कप्तान नहीं कर पाया।

Image

रोहित शर्मा

KEY HIGHLIGHTS
  • रोहित शर्मा ने कप्तानी में बनाया नया कीर्तिमान
  • 12 महीने में तीनों फॉर्मेट की वर्ल्ड चैंपियनशिप के पहुंचे फाइनल में
  • पिछले दो फाइनल में कंगारुओं के खिलाफ मिली थी हार

रोहित शर्मा की कप्तानी वाली भारतीय क्रिकेट टीम गुरुवार को गयाना में इंग्लैंड को 68 रन के अंतर से मात देकर टी20 विश्व कप 2024 के फाइनल में पहुंच गई। टीम इंडिया का अब फाइनल में खिताब के लिए मुकाबला दक्षिण अफ्रीका से होगा। भारतीय टीम साल 2013 के बाद से अबतक कोई आईसीसी खिताब नहीं जीत पाई है। पिछले एक साल में भारतीय टीम लगातार तीसरी आईसीसी प्रतियोगिता के फाइनल में पहुंची है। तीनों ही बार टीम की कमान रोहित शर्मा के हाथों में है। इससे पहले ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप और वनडे विश्व कप 2023 के फाइनल में रोहित सेना पैट कमिंस की टीम से पार नहीं पार पाई। ट्रेविस हेड दोनों बार खिताब और टीम इंडिया के बीच सबसे बड़ी बाधा बनकर उभरे।

धोनी-विलियमसन के क्लब में हुई एंट्री

ऐसे में जब टीम इंडिया लगातार तीसरे फॉर्मेट के विश्व कप के फाइनल में रोहित की कप्तानी में पहुंच गई है। तो उनके नाम लगातार तीन आईसीसी इवेंट के फाइनल में पहुंचाने वाले कप्तानों के साथ दर्ज हो गया है। रोहित के अलावा एमएस धोनी और केन विलियमसन ही तीन अलग-अलग आईसीसी इवेंट के फाइनल में अपनी टीम को पहुंचा चुके हैं।

धोनी-केन से थोड़ी अलग है रोहित की उपलब्धि

रोहित की उपलब्धि धोनी और विलियमसन से थोड़ी अलग और विशिष्ट है। रोहित अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के तीनों फॉर्मेट की वर्ल्ड चैंपियनशिप के फाइनल में पहुंचने वाले दुनिया के दूसरे कप्तान हैं। उन्होंने एक साल के अंतराल में ये उपलब्धि हासिल की है। जून,2023 में उन्होंने वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के दूसरे फाइनल में भारतीय टीम की कमान संभाली। इसके बाद नवंबर,2023 में अहमदाबाद में खेले गए वनडे विश्व कप के फाइनल में टीम की कप्तानी की और अब टी20 विश्व कप 2024 के फाइनल में भी टीम की कप्तानी संभालने जा रहे हैं।

विलियमसन ने तीनों फॉर्मेट के फाइनल में न्यूजीलैंड को पहुंचाया

केन विलियमसन ने साल 2019 के वनडे विश्व कप, 2021 की वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप और 2021 के टी20 विश्व कप में टीम की कमान संभाली थी। जिसमें वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप का खिताब कीवी टीम जीतने में सफल हुई। वहीं धोनी की कप्तानी में टीम इंडिया 2007 और 2014 के टी20 विश्व कप फाइनल, 2011 के वनडे विश्व कप फाइनल और 2013 की चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल में टीम इंडिया को लेग गए। जिसमें 2014 के फाइनल में खिताब जीतने से वंचित रह गए।

अबतक रोहित नहीं जीत पाए हैं कोई खिताब

रोहित अबतक आईसीसी का कोई खिताब टीम इंडिया को नहीं जिता सके हैं। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप और वनडे विश्व कप के फाइनल में टीम इंडिया को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था। ऐसे में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खिताबी जीत हासिल करने का रोहित की कप्तानी में भारतीय टीम के पास शानदार मौका है।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article