चेन्नई: टीम इंडिया के कप्तान रोहित शर्मा ने बुधवार को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सीरीज के तीसरे और आखिरी वनडे में 17 गेंद में 30 रन की आतिशी पारी खेली। रोहित अपने जाने पहचाने रंग में चेपक में नजर आ रहे थे लेकिन कंगारु गेंदबाजों की बखिया उधेड़ रहे थे लेकिन इसी दौरान अपना फेवरेट पुल शॉट खेलते हुए वो विकेट गंवा बैठे। शीन एबॉट की गेंद पर मिड विकेट बाउंड्री पर मिचेल जॉनसन ने उनका आसान सा कैच लपक लिया। रोहित ने इस दौरान 2 चौके और इतने ही छक्के जड़े। हिटमैन और शुभमन गिल ने पहले विकेट के लिए 55 गेंद में 65 रन की साझेदारी हुई।
एशिया में दस हजारी बने हिटमैन
रोहित शर्मा ने अपनी आतिशी पारी के दौरान एशियाई बल्लेबाजों के एक स्पेशल क्लब में एंट्री कर ली। वो एशियाई सरजमीं पर 10 हजार रन बनाने वाले आठवें भारतीय बल्लेबाज बने। रोहित शर्मा ने यह उपलब्धि 247वें मैच की 257 पारियों में 30 बार नाबाद रहते हुए 44.16 के औसत से बनाए हैं। इसमें 26 शतक और 50 अर्धशतक शामिल हैं।रोहित ने 28 टेस्ट की 43 पारियों में 2210, 131 वनडे की 129 पारियों में 5492 और 88 टी20 की 85 पारियों में 2324 रन एशिया में बनाए हैं।
रोहित से पहले एशिया में 10 हजार रन बनाने वाले भारतीय
रोहित से पहले सचिन तेंदुलकर(21,741), विराट कोहली(14,685), राहुल द्रविड़(13,497),वीरेंद्र सहवाग (13,155), एमएस धोनी(10,800), सौरव गांगुली(10,709), मोहम्मद अजहरुद्दीन(10,558) इस मुकाम पर पहुंच चुके हैं। मौजूदा क्रिकेट खिलाड़ियों में विराट की रोहित के अलावा ये कारनामा कर सके हैं। वो एशियाई धरती पर सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय खिलाड़ियों में दूसरे पायदान पर हैं।
