क्रिकेट

रवि शास्त्री ने क्यों की मोहम्मद शमी को जल्द से जल्द ऑस्ट्रेलिया भेजने की मांग

एडिलेड टेस्ट में भारतीय गेंदबाजों को दबाव में देखकर टीम इंडिया के पूर्व हेड कोच रवि शास्त्री ने जल्द से जल्द मोहम्मद शमी को ऑस्ट्रेलिया भेजने की मांग की है।

Image

मोहम्मद शमी (साभार BCCI Domestic)

एडिलेड: पूर्व मुख्य कोच रवि शास्त्री ने शनिवार को कहा कि मोहम्मद शमी जितनी जल्दी ऑस्ट्रेलिया पहुंचेंगे भारतीय टीम के लिए उतना ही बेहतर होगा। इससे मौजूदा बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी (बीजीटी) में तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह पर दबाव कम होगा। चौंतीस वर्षीय तेज गेंदबाज शमी टखने की चोट से उबरने के बाद वापसी की कोशिश में हैं। शीर्ष स्तर के क्रिकेट से लगभग एक साल दूर रहने के बाद वापसी कर रहे शमी सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में बंगाल का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं।

शमी जितनी जल्दी ऑस्ट्रेलिया पहुंचेंगे भारत के लिए उतना होगा अच्छा

शास्त्री ने यहां दूसरे टेस्ट के दूसरे दिन ‘कमेंट्री’ के दौरान कहा,'मोहम्मद शमी जितनी जल्दी यहां पहुंचेंगे, भारत के लिए उतना ही बेहतर होगा। वह बहुत सारे घरेलू मैच खेल रहे हैं। जब बुमराह गेंदबाजी कर रहे हों और अन्य गेंदबाजी कर रहे होते हैं, तो आप विपक्षी टीम के खिलाड़ियों पर दबाव देख सकते हैं। बुमराह पर बहुत दबाव है।'

शमी के लिए सबकुछ चल रहा है घरेलू क्रिकेट में अच्छा

चोट से उबरने के बाद घरेलू टी20 प्रतियोगिता में बंगाल के लिए सात मैच खेल चुके अनुभवी तेज गेंदबाज शमी के लिए सब कुछ ठीक चल रहा है। शमी छोटे स्पैल में गेंदबाजी के दौरान लय और नियंत्रण हासिल करते दिखे। वह राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी के अधिकारियों और एक राष्ट्रीय चयनकर्ता की कड़ी निगरानी में वापसी कर रहे हैं।

आखिरी दो टेस्ट में शमी को मिलना चाहिए मौका

हालांकि पूर्व भारतीय कप्तान ने 14 से 18 दिसंबर तक ब्रिस्बेन के गाबा में होने वाले तीसरे टेस्ट के लिए शमी को जल्दबाजी में शामिल नहीं करने की चेतावनी भी दी। शास्त्री (62 वर्ष) ने कहा,'ब्रिस्बेन शायद बहुत जल्दी हो, लेकिन मेलबर्न और सिडनी के लिए निश्चित रूप से शमी उपलब्ध हो सकते हैं। शमी ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट मैचों में सफल प्रदर्शन किया है। उन्होंने 12 मैचों में 44 विकेट लिए हैं जिनमें से 31 विकेट उन्होंने ऑस्ट्रेलिया में आठ टेस्ट मैचों में लिए हैं।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article