IND vs ENG: भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व मुख्य कोच रवि शास्त्री ने इंग्लैंड के खिलाफ पहले टेस्ट में ऋषभ पंत के शानदार प्रदर्शन की जमकर तारीफ की। हेडिंग्ले में खेली गई पंत की 134 रनों की धमाकेदार पारी के बाद शास्त्री ने कहा कि यह युवा विकेटकीपर-बल्लेबाज "आंकड़ों का खेल बखूबी खेलता है" और उसके पास "अपना एक कंप्यूटर है, जिसे चलाने का तरीका सिर्फ वही जानता है।"
पंत ने दूसरे दिन मात्र 178 गेंदों में 12 चौकों और 6 छक्कों की मदद से 134 रन की जबरदस्त पारी खेली। उनकी बल्लेबाजी में पैडल स्वीप, रिवर्स स्कूप जैसे अनोखे शॉट्स और शतक के बाद की कलाबाजी ने दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। शास्त्री ने स्काई स्पोर्ट्स को दिए इंटरव्यू में कहा, "पंत आंकड़ों के खेल को खूबसूरती से खेलता है। वह अपने तरीके से खेलता है और तेजी से गेम प्लान बदलने में माहिर है।"
उन्होंने आगे कहा, "उसका अपना कंप्यूटर है, और उसे ही पता है कि यह कैसे काम करता है। यही उसकी खासियत है। इससे गेंदबाज दबाव में आ जाते हैं, और वह सुपरहिट बन जाता है। वह असली मनोरंजक और मैच विनर है।"
"कार दुर्घटना से उबरकर वापसी का यह जश्न"
तीन साल पहले भयानक कार दुर्घटना से बाल-बाल बचे पंत ने इस शतक के साथ अपनी शानदार वापसी का एलान किया। शास्त्री ने उनके गुलाटी मारकर जश्न मनाने के पीछे का मतलब समझाते हुए कहा, "इसका एक कारण है। वह इस पल के लिए ऊपर वाले को धन्यवाद दे रहा था। उस हादसे से उबरकर लौटने की कहानी इससे जुड़ी हुई है।"उन्होंने याद दिलाया, "जब मैंने उसे अस्पताल में देखा था, तो वह बुरी हालत में था—घुटने टूटे हुए, पूरे शरीर पर चोटें... आज वही खिलाड़ी मैदान पर शतक मार रहा है, यह किसी चमत्कार से कम नहीं।"
गावस्कर का बदला रवैया
सर्रे के पूर्व क्रिकेटर इयान वार्ड ने कमेंट्री के दौरान पंत को "बॉक्स ऑफिस" करार देते हुए कहा, "वह दुनिया के सबसे मनोरंजक क्रिकेटरों में से एक हैं। यह शतक के बाद का सबसे बेहतरीन जश्न था।"वहीं, सुनील गावस्कर ने, जिन्होंने ऑस्ट्रेलिया टेस्ट में पंत के खराब स्कूप शॉट पर आउट होने पर "स्टुपिड, स्टुपिड, स्टुपिड" कहकर आलोचना की थी, इस बार उनकी तारीफ करते हुए कहा, "सुपरब, सुपरब, सुपरब!"
