इंडियन प्रीमियर लीग का 50वां मुकाबला राजस्थान रॉयल्स और मुंबई इंडियंस के बीच है। यह मुकाबला जयपुर के सवाई मानसिंह क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाना है। एक तरफ जहां मुंबई इंडियंस की टीम लगातार 5 मुकाबला जीतकर गजब फॉर्म में है तो वहीं दूसरी तरफ राजस्थान रॉयल्स की टीम 10 मैच में केवल 3 मुकाबला ही जीत पाई है और वह प्लेऑफ की रेस से लगभग बाहर हो चुकी है। अब यह टीम बाकी बचे मैच में जीत के साथ-साथ चमत्कार के भरोसे है। पिछले मुकाबले में राजस्थान ने गुजरात के खिलाफ जिस तरह का प्रदर्शन किया था, उसको देखते हुए मुंबई के खिलाफ मैच में फैंस को वैभव की बल्लेबाजी का खास इंतजार है। वैभव की बल्लेबाजी को लेकर मुंबई इंडियंस के गेंदबाजों की ओर से प्रतिक्रियाएं भी आई हैं। इसके तहत ट्रेंट बोल्ट ने कहा कि वह 14 साल के बच्चे को गेंदबाजी करने के लिए उत्साहित तो हैं, लेकिन चिंतित बिल्कुल नहीं हैं।
खास है मुंबई और राजस्थान का मुकाबला
मुंबई और राजस्थान का मुकाबला बेहद खास है। आज राजस्थान अपने खास मुहिम पिंक प्रोमिस के साथ उतरेगा। टीम रियान पराग की कप्तानी में उतरेगी। इस मुहिम के तहत इस मुकाबले में हर छक्के पर 6 घरों को सौर ऊर्जा से रोशन किया जाएगा।
क्या है पिंक प्रॉमिस अभियान
राजस्थान रॉयल्स के अनुसार पिंक प्रॉमिस" अभियान के तहत, फ्रेंचाइजी ने मुंबई इंडियंस के खिलाफ अपने घरेलू मैदान सवाई मानसिंह स्टेडियम में होने वाले मैच में उनके खिलाड़ी द्वारा लगाए गए प्रत्येक छक्के के बदले में छह घरों में सोलर पैनल लगाने का वादा किया है। राजस्थान रॉयल्स ने अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट के माध्यम से घोषणा की, जिसमें कहा गया, "आज का मैच बहुत खास है। यह हमारा पिंक प्रॉमिस गेम है। राजस्थान के इस अभियान पर सोशल मीडिया पर फैंस सकारात्म प्रतिक्रिया दे रहे हैं और उनके इस प्रयास की सराहना कर रहे हैं।
