क्रिकेट

ICC द्वारा सजा दिए जाने के बाद प्रतिका रावल ने दी सफाई, कहा-जानबूझकर...

साउथैम्पटन में इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज के पहले वनडे में लॉरेन फाइलर और सोफी एक्लेस्टोन के साथ शारीरिक संपर्क करने के आरोप में आईसीसी ने भारत की सलामी बल्लेबाज प्रतिका रावल पर जुर्माना लगाया गया है और साथ ही एक डीमेरिट प्वाइंट दिया गया है। इस मसले पर प्रतिका ने अपनी सफाई दी है।

Image

प्रतिका रावल (फोटो क्रेडिट BCCI X)

लंदन: भारतीय बल्लेबाज प्रतिका रावल ने शुक्रवार को आईसीसी द्वारा जुर्माना लगाने और एक डिमैरिट अंक दिए जाने के बाद स्पष्ट किया कि पहले महिला वनडे के दौरान इंग्लैंड की क्रिकेटरों के साथ कंधे से संपर्क ‘जानबूझकर नहीं’ किया था। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने आचार संहिता के उल्लंघन के लिए रावल पर 10 प्रतिशत मैच फीस का जुर्माना लगाया था और उनके खाते में एक डिमैरिट अंक भी जोड़ दिया था। आईसीसी ने कहा था कि भारतीय बल्लेबाज ने 18वें और 19वें ओवर में इंग्लैंड की गेंदबाज लॉरेन फाइलर और सोफी एक्लेस्टोन के साथ अनावश्यक शारीरिक संपर्क किया था।

जानबूझ कर नहीं टकराया था कंधा

रावल ने दूसरे वनडे की पूर्व संध्या पर मीडिया से कहा,'यह जानबूझकर नहीं किया गया था। मैं बस दौड़ रही थी और कंधे से टकराने वाली बात पूरी तरह से अनुचित थी। यह उस अर्थ में जानबूझकर नहीं किया गया था। मुझे नहीं लगता कि इस पर कोई प्रतिक्रिया देने या इसे लेकर कोई बवाल मचाने की जरूरत है। यह जानबूझकर नहीं किया गया था।'

इंग्लैंड पर लगा मैच फीस का जुर्माना

इंग्लैंड पर शुरुआती वनडे मैच के दौरान धीमी ओवर गति के लिए मैच फीस का पांच प्रतिशत जुर्माना भी लगाया गया था जिसमें भारत ने चार विकेट से जीत हासिल की थी।

रावल ने कहा कि भारत एक समय में एक मैच पर ध्यान केंद्रित कर रहा है क्योंकि उसने पांच मैचों की टी20 श्रृंखला 3-2 से जीती है और उसे वनडे श्रृंखला जीतने के लिए अगले दो मैचों में से केवल एक जीत की दरकार है।

एक बार में एक मैच पर लगा रहे हैं ध्यान

उन्होंने कहा,'हम एक समय में केवल एक मैच पर ध्यान लगा रहे हैं। हमारा ध्यान इस श्रृंखला को जीतने पर लगा है। अगला मैच जीतकर हम श्रृंखला में आगे हो जाएंगे। हमारा मुख्य ध्यान इस श्रृंखला को 3-0 से जीतना है जो बहुत अच्छा होगा। मुझे लगता है कि एक समय में एक ही चीज पर ध्यान केंद्रित करने से बेहतर फोकस और एकाग्रता मिलती है इसलिए हम इसी पर काम कर रहे हैं।'

बड़ी टीमों के खिलाफ अच्छे प्रदर्शन से बढ़ता है आत्मविश्वास

दाएं हाथ की शीर्ष क्रम की इस बल्लेबाज ने कहा कि इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया जैसी टीमों के खिलाफ रन बनाने से उनका आत्मविश्वास बढ़ेगा जिनके साथ भारत विश्व कप से पहले घरेलू मैदान पर तीन वनडे मैच खेलेगा। रावल ने कहा,'इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया जैसी टीमों के खिलाफ अच्छा स्कोर करने से आपको काफी आत्मविश्वास मिलता है। जब हमें उनके खिलाफ कई मैच मिलते हैं तो इससे आत्मविश्वास बढ़ता है जिसकी आगामी श्रृंखला और मैचों में जरूरत होती है।'

Navin Chauhan
नवीन चौहान author

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों स... और देखें

End of Article