स्पोर्ट्स

जो खेलेगा, वो खिलेगा...पीएम नरेंद्र मोदी ने किया ग्लास्गो राष्ट्रमंडल खेलों के पदक विजेताओं का स्वागत

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को अपने आधिकारिक आवास 7 लोक कल्याण मार्ग पर ग्लास्गो राष्ट्रमंडल खेलों में पदक जीतने वाले भारतीय खिलाड़ियों से मुलाकात की और उनका एक नए स्लोगन के साथ स्वागत किया।

Image

राष्ट्रमंडल खेल 2026 के पदक विजेता खिलाड़ियों के साथ पीएम नरेंद्र मोदी

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को अपने आधिकारिक आवास 7 लोक कल्याण मार्ग पर ग्लास्गो राष्ट्रमंडल खेलों में पदक जीतने वाले भारतीय खिलाड़ियों से मुलाकात की और उनका एक नए स्लोगन के साथ स्वागत किया। खिलाड़ियों से मुलाकात का एक वीडियो पीएम नरेंद्र मोदी ने अपने ट्विटर हैंडल पर साझा करते हुए एक स्लोगन देते हुए कहा, जो खेलेगा, वो खिलेगा। भारतीय खिलाड़ियों ने ग्लास्गो राष्ट्रमंडल खेलों में 13 गोल्ड मेडल सहित कुल 39 पदक अपने नाम किए थे और पदक तालिका में चौथे पायदान पर रहा था। ग्लास्गो राष्ट्रमंडल खेलों से कई खेलों को हटाए जाने के बावजूद भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया और देश का मान बढ़ाया। भारतीय मुक्केबाजों ने 7 गोल्ड सहित कुल 10 पदक अपने नाम किए जिसमें 3 रजत पदक भी शामिल थे।

पीएम ने की पदक विजेताओं की प्रशंसा

मोदी ने 'इंस्टाग्राम' पर खिलाड़ियों से हुई मुलाकात का एक छोटा वीडियो साझा किया। उन्होंने इस मुलाकात को खास बताया और देश का मान बढ़ाने के लिए खिलाड़ियों की प्रशंसा की। प्रधानमंत्री से मिलने वाले खिलाड़ियों में मुक्केबाज साक्षी चौधरी भी शामिल थीं जिन्होंने राष्ट्रमंडल खेलों में महिलाओं की 51 किग्रा वर्ग में स्वर्ण पदक जीता था। ग्लास्गो में भारत का प्रदर्शन शानदार रहा और देश ने कुल 39 पदक जीते जिनमें 13 स्वर्ण पदक शामिल थे। साक्षी ने कहा,'हमारे माननीय प्रधानमंत्री ने राष्ट्रमंडल खेलों के सभी पदक विजेताओं का स्वागत किया और हमें इस बात पर बहुत गर्व महसूस हो रहा है। उनसे मिलकर हमें बहुत अच्छा लगा। वह बहुत विनम्र हैं।'

जो खेलेगा वो खिलेगा

खिलाड़ियों से बातचीत के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने कहा,'जो खेलेगा, वो खिलेगा। हमेशा भारत का हौसला बढ़ाइए।' प्रधानमंत्री ने सभी पदक विजेताओं से बातचीत की और उनके शानदार प्रयासों के लिए उन्हें बधाई दी। भारत की मुक्केबाजी टीम का प्रदर्शन भी बेहद शानदार रहा। भारतीय मुक्केबाजों ने ग्लास्गो खेलों में रिकॉर्ड 10 पदक जीते। साक्षी उन सात भारतीय मुक्केबाजों में शामिल थीं, जिन्होंने स्वर्ण पदक जीता।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article