Champions Trophy 2025: साल 2025 में होने वाले आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी पाकिस्तान की मेजबानी में खेली जानी है। हालांकि, भारतीय टीम का पाकिस्तान जाकर खेलना लगभग नामुमकिन है और इस बात की संभावना है कि एशिया कप की तरह आगामी चैंपियंस ट्रॉफी भी हाइब्रिड मॉडल पर खेला जाएगा। हालांकि, इसके बावजूद पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) को आशा है कि वह अगले साल चैंपियंस ट्रॉफी की मेजबानी करने में सक्षम होगा। उन्हें ऐसा इसलिए भी लग रहा है क्योंकि हाल ही में अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) का एक प्रतिनिधिमंडल इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट की तैयारियों का निरीक्षण करने पाकिस्तान जाने वाली है।
आईसीसी लेगी सुरक्षा का जायजा
आईसीसी के इस प्रतिनिधिमंडल में सुरक्षा विशेषज्ञ भी शामिल होंगे जो कराची, लाहौर और रावलपिंडी जैसे स्थानों का दौरा करेगी और सुरक्षा संबंधी चीजों का जायजा लेगी। पाकिस्तान के लिए यह काफी बड़ा मौका है क्योंकि 1996 विश्व कप के बाद पहली बार वह आईसीसी का कोई टूर्मानेंट होस्ट करने वाला है।
कीवी टीम के प्रतिनिधिमंडल ने भी लिया जायजा
पिछले महीने न्यूजीलैंड क्रिकेट के एक प्रतिनिधिमंडल ने भी सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण करने के लिए पाकिस्तान का दौरा किया था। न्यूजीलैंड टी20 वर्ल्ड कप से पहले पाकिस्तान के साथ पांच टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने वाली है।
मेजबानी पर क्या बोले पीसीबी चीफ?
पीसीबी चीफ मोहसिन नकवी ने दोहराया कि चैंपियंस ट्रॉफी पाकिस्तान में तय समय पर आयोजित की जाएगी। यह पूछे जाने पर कि यदि भारत सरकार ने पाकिस्तान में अपनी टीम भेजने से इनकार कर दिया तो क्या पाकिस्तान भी ऐसा करेगा, नकवी ने कहा, "हम ऐसी संभावनाओं पर चर्चा क्यों कर रहे हैं"।
उन्होंने आगे कहा, "टूर्नामेंट और इसके तकनीकी पक्ष पर दुबई में हाल ही में हमारी अच्छी बैठक हुई और जहां तक हमारा सवाल है, हमें कोई कारण नहीं दिखता कि यह टूर्नामेंट पाकिस्तान में आयोजित नहीं किया जाएगा, इसलिए अन्य स्थिति पर चर्चा क्यों की जाए।"
