क्रिकेट

परिवार ने 1 महीने तक बेटी की मौत की खबर छिपाई..पाकिस्तान के अंपायर अलीम दार ने बताया सबसे दुखद पल

Aleem Dar reveals saddest moment of life: पाकिस्तान के सबसे अनुभवी अंतरराष्ट्रीय अंपायर अलीम दार ने अपनी जिंदगी का सबसे दुखद पल साझा किया है। उन्होंने बताया कि जब उनके परिवार ने उनकी बेटी की मौत की खबर उनसे छुपा ली थी, वो सबसे दुखद पल था।

Image

अलीम दार (Youtube/X)

KEY HIGHLIGHTS
  • पाकिस्तानी अंतरराष्ट्रीय अंपायर अलीम दार का खुलासा
  • अपनी जिंदगी के सबसे दुखद पल को बयां किया
  • जब अलीम को परिवार ने बेटी की मौत की सूचना नहीं दी

सबसे ज्यादा अंतरराष्ट्रीय मैचों में अंपायरिंग करने वाले पाकिस्तानी अंपायर अलीम डार (Aleem Dar) ने अपने जीवन का सबसे दुखद पल साझा किया है जब 2003 में उनके अंतरराष्ट्रीय करियर के शुरुआती दौर में उनकी पत्नी और परिवार के सदस्यों ने सात महीने की बेटी की मौत की खबर उनसे छिपाई। छप्पन साल के डार ने एक पाकिस्तानी चैनल पर बताया कि 2003 विश्व कप में जब वह अंपायरिंग कर रहे थे तब उनकी पत्नी और परिवार ने उन्हें उनकी नवजात बेटी की मौत के बारे में नहीं बताया था।

डार ने शो में कहा, ‘‘यह आईसीसी पैनल अंपायर के रूप में मेरे करियर की शुरुआत थी और यह मेरे करियर के लिए बहुत महत्वपूर्ण टूर्नामेंट था और उन्हें पता था कि अगर मुझे अपनी बेटी की मौत के बारे में पता चला तो मैं तुरंत घर लौट आऊंगा।’’ इस बेहद सम्मानित पाकिस्तानी अंपायर ने कहा कि आखिरकार जब उन्हें अपनी बेटी की मौत के बारे में पता चला तो यह उनके जीवन का सबसे दुखद क्षण था और उन्हें बहुत दुख हुआ।

डार ने कहा, ‘‘उसकी मौत के बाद मुझे लगभग एक महीने तक अंधेरे में रखा गया और मुझे जोहानिसबर्ग में संयोग से इसके बारे में पता चला जहां मेरे गृहनगर सियालकोट से ताल्लुक रखने वाला एक पाकिस्तानी व्यक्ति मुझे अपनी संवेदना व्यक्त करने आया।’’ उन्होंने कहा, ‘‘उस समय मुझे बहुत बड़ा झटका लगा और मैंने तुरंत आईसीसी को सूचित किया और घर लौट आया।’’

डार ने कहा कि जैसे ही उन्हें अपनी बेटी के बारे में पता चला तो उन्होंने अपनी पत्नी को फोन किया और वह फोन पर रोने लगीं। उन्होंने कहा, ‘‘मुझे बाद में पता चला कि मेरे पिता ने मीडिया के दोस्तों से सख्ती से कहा था कि वे इस खबर को नहीं छापें।’’ डार ने 2000 से 2023 के बीच अपने करियर में 145 टेस्ट, 231 वनडे और 72 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में अंपायरिंग की।

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article