क्रिकेट

इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीराज से पहले पाकिस्तान को बड़ा झटका, कप्तान बाबर आजम के हाथ में लगी चोट

PAK vs ENG Test: प्रोफेशनल काउंटी क्लब सेलेक्ट XI के खिलाफ मैच में बाबर के हाथ पर गेंद लग गई थी। पाकिस्तान टीम उनकी फिटनेस पर नजर रख रही है क्योंकि 19 अगस्त से इंग्लैंड के खिलाफ 3 मैचों की अहम टेस्ट सीरीज शुरू हो रही है।

Image

बाबर आजम हुए चोटिल (फोटो साभार- ICC)

PAK vs ENG Test: पाकिस्तान क्रिकेट टीम के लिए इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज से ठीक पहले बुरी खबर आई है। टेस्ट कप्तान बाबर आजम वार्म-अप मैच के दौरान चोटिल हो गए हैं। ICC की रिपोर्ट के मुताबिक, प्रोफेशनल काउंटी क्लब सेलेक्ट XI के खिलाफ मैच में बाबर के हाथ पर गेंद लग गई थी। घटना तब हुई जब बाबर 5 रन पर बल्लेबाजी कर रहे थे। इंग्लैंड अंडर-19 के तेज गेंदबाज मैनी लम्सडेन की एक उछालती हुई बॉल सीधे बाबर के निचले हाथ पर जा लगी। चोट लगते ही बाबर दर्द से कराहते नजर आए और इसके बाद उन्होंने आगे बल्लेबाजी नहीं की।

19 अगस्त से इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट

फिलहाल चोट की गंभीरता का पता नहीं चल पाया है। पाकिस्तान टीम उनकी फिटनेस पर नजर रख रही है क्योंकि 19 अगस्त से इंग्लैंड के खिलाफ 3 मैचों की अहम टेस्ट सीरीज शुरू हो रही है। PCB ने एक मीडिया रिलीज जारी कर कहा, "टीम डॉक्टर के आकलन और एहतियात के तौर पर बाबर को अभ्यास मैच के बाकी हिस्से से आराम करने की सलाह दी गई है।" रिलीज में आगे कहा गया कि "बाबर 17 अगस्त, सोमवार को हेडिंग्ले क्रिकेट ग्राउंड पर पाकिस्तान टीम के अभ्यास सत्र में हिस्सा लेंगे।"

पाकिस्तान के लिए झटका साबित हो सकती है बाबर की चोट

बाबर आजम पाकिस्तान की टेस्ट टीम की रीढ़ हैं। ऐसे में उनकी चोट टीम के लिए बड़ा झटका साबित हो सकती है। पाकिस्तान अभी-अभी वेस्टइंडीज से 1-1 से टेस्ट सीरीज ड्रॉ करके लौटा है। दूसरे टेस्ट में 8 विकेट की जीत के साथ उन्होंने लगातार 8 विदेशी हार का सिलसिला भी तोड़ा था। इंग्लैंड के खिलाफ यह सीरीज ICC वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2025-27 का हिस्सा है। अंक तालिका में इंग्लैंड 24.36% अंकों के साथ 7वें और पाकिस्तान 22.22% अंकों के साथ 8वें स्थान पर है। ऐसे में दोनों टीमों के लिए हर अंक जरूरी है। राहत की बात यह है कि चोटिल चल रहे शन मसूद की वापसी हो गई है। उनकी फिटनेस से पाकिस्तान के टॉप ऑर्डर को मजबूती मिलेगी।

इंग्लैंड सीरीज के लिए पाकिस्तान टेस्ट स्क्वाड

बाबर आजम (कप्तान), आमिर जमाल, अब्दुल्ला शफीक, अली उस्मान, अजान अवाइस, इमाम-उल-हक, खुर्रम शहजाद, मोहम्मद अब्बास, मोहम्मद अली, मोहम्मद रिजवान, मुहम्मद अवाइस जफर, मुहम्मद गाजी घोरी, साजिद खान, सलमान अली आगा, सऊद शकील, शन मसूद, उबैद शाह

Aditya Sahu
आदित्य साहूauthor

आदित्य साहू टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स और ट्रेडिंग कंटेंट लिखतें हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स की डिग्री हासिल करने के बाद वह पिछले 10 सालों से मीडिया में सक्रिय हैं। स्पोर्ट्स इवेंट की रियल टाइम कवरेज, डाटा टॉपिक्स और अनोखे कंटेंट आइडियाज को आकर्षक और एंगेजिंग तरीके से प्रस्तुत करना आदित्य की खासियत है। उनकी कॉपी राइटिंग और इंटरेस्टिंग हेडलाइन बनाने की क्षमता उन्हें डिजिटल दुनिया में अलग पहचान देती है। 15,000 से अधिक बायलाइन स्टोरी पब्लिश कर चुके आदित्य का लक्ष्य हर खबर को यूनिक एंगल और स्टोरीटेलिंग के रोचक अंदाज में पेश करना है।

और पढ़ें
End of Article