कोलंबो: टी20 विश्व कप 2026 के सुपर-8 राउंड की शुरुआत बेहद निराशाजनकर रही है। पाकिस्तान और न्यूजीलैंड के बीच कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में खेला गया मुकाबला बारिश की भेंट चढ़ गया। मैच का टॉस तय समय पर हुआ, टॉस के दौरान ही बारिश शुरू हो गई और वक्त से साथ तेज होती गई। भारतीय समयानुसार रात 9 बजे तक मैच शुरू नहीं हो सका। मैच का कट ऑफ टाइम 10:16 PM था। लेकिन बारिश नहीं थमी तो ऑफीशियल्स ने मैच को रद्द करने का फैसला किया। ऐसे में न्यूजीलैंड और पाकिस्तान दोनों के खाते में एक-एक अंक गया। इसके साथ ही दोनों टीमों के लिए सेमीफाइनल की राह मुश्किल हो गई।
करो या मरो के हुए बाकी बचे मुकाबले
सुपर-8 राउंड के ग्रुप 2 में पाकिस्तान, न्यूजीलैंड , श्रीलंका और इंग्लैंड की टीम हैं। सेमीफाइनल में ग्रुप की टॉप-2 टीमें पहुंचेंगी। इसके लिए कम से कम चार अंक होंने चाहिए। ऐसे में न्यूजीलैंड और पाकिस्तान के लिए बाकी बचे दो मुकाबले करो या मरो वाले हो गए हैं। इन दोनों में से जो टीम दोनों मैच जीतेगी उसके पहले या दूसरे पायदान पर रहने की संभावना बढ़ जाएगी। एक भी मैच में हार टीम का टूर्नामेंट में सफर खत्म कर देगी।
कब और किससे हैं पाकिस्तान के अगले मैच
पाकिस्तान की टीम को न्यूजीलैंड के खिलाफ मुकाबला रद्द होने के बाद इंग्लैंड और श्रीलंका से मैच खेलने हैं। पाकिस्तान और इंग्लैंड के बीच 24 फरवरी को और श्रीलंका के खिलाफ 28 फरवरी को मैच कैंडी में आयोजित होगा। इन दोनों मैच में जीत के बाद पाकिस्तान के खाते में 5 अंक हो जाएंगे और वो सेमीफाइनल में पहुंच जाएगा। लेकिन दोनों में से एक मैच में हार या बराबरी उसके लिए मुश्किलें बढ़ा देगा। हालांकि दूसरी टीमों के प्रदर्शन पर भी पाकिस्तान की सेमीफाइनल में एंट्री निर्भर करेगी।
