स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। जॉर्डन कॉक्स और जेमी स्मिथ ने इंग्लैंड को पाकिस्तान के खिलाफ दूसरे टेस्ट क्रिकेट मैच के पहले दिन गुरुवार को शुरुआती झटकों से उबारने की कोशिश की। हालांकि, पहले दिन का खेल समाप्त होने तक इंग्लैंड ने पहली पारी में 9 विकेट के नुकसान पर 248 रन बना लिए थे। गस एटकिंसन 39 रन और जोश टंग 1 रन बनाकर नाबाद लौटे। बारिश और खराब रोशनी के चलते पहले दिन का खेल जल्दी खत्म हो गया।
पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। इंग्लैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए सुबह के सत्र में चार विकेट गंवा दिए थे। उसने टी ब्रेक तक पांच विकेट पर 180 रन बनाए। इंग्लैंड ने दूसरे सत्र में 26 ओवरों में केवल डैन लॉरेंस के विकेट के नुकसान पर 100 रन जोड़े। इसके बाद जॉर्डन कॉक्स और जेमी स्मिथ ने इंग्लैंड की पारी को कुछ हद तक संभाला। दोनों ने संभलकर खेलते हुए छठे विकेट के लिए 67 रन की साझेदारी की।
मोहम्मद अब्बास ने चटकाए चार विकेट
इस साझेदारी को खुर्रम शहजाद ने तोड़ा। खुर्रम ने जॉर्डन कॉक्स (55) को आउट कर पाकिस्तान की पकड़ को और मजबूत कर दिया। स्लिप पर सब्स्टीट्यूट के रूप में फील्डिंग कर रहे सलमान अली आगा ने छलांग लगाते हुए अद्भुत कैच लपका। अर्धशतक पूरा करने के बाद जेमी स्मिथ भी 61 रन बनाकर आउट हो गए। पाकिस्तान की तरफ से मोहम्मद अब्बास ने चार तो मोहम्मद अली ने तीन विकेट चटकाए। एक विकेट खुर्रम के नाम रही। तेज गेंदबाज मोहम्मद अब्बास ने सुबह के सत्र में आठ ओवरों में तीन विकेट लिए।
पाकिस्तान की खराब फील्डिंग
लॉरेंस के रन आउट होने के बाद बल्लेबाजी करने उतरे स्मिथ जब 15 के स्कोर पर थे तब विकेटकीपर मोहम्मद रिजवान ने उनका कैच छोड़ दिया था। इससे पहले खुर्र्म शहजाद की गेंद पर लॉरेंस को भी जीवनदान मिला था, जब मिडविकेट के क्षेत्र में शान मसूद ने कैच टपका दिया था। हालांकि, जल्दी इसकी भरपाई कर ली गई थी।
सलमान आगा को नहीं मिली प्लेइंग इलेवन में जगह
बाबर आजम की अनुपस्थिति में सलमान अली आगा ने पहले टेस्ट मैच में पाकिस्तान टीम की कप्तानी की। इस मैच में पाकिस्तान को शर्मनाक हार का सामना करना पड़ा। दूसरे टेस्ट मैच में जब बाबर आजम की वापसी हुई तो सलमान आगा को प्लेइंग इलेवन से बाहर कर दिया गया।
दोनों टीमों की प्लेइंग 11
पाकिस्तान की प्लेइंग इलेवन- इमाम-उल-हक, अजान अवैस, अब्दुल्ला शफीक, शान मसूद, बाबर आजम (कप्तान), सऊद शकील, मोहम्मद रिजवान (विकेटकीपर), अली उस्मान, खुर्रम शहजाद, मोहम्मद अब्बास, मोहम्मद अली।
इंग्लैंड की प्लेइंग इलेवन- बेन डकेट, एमिलियो गे, जॉर्डन कॉक्स, जो रूट (कप्तान), हैरी ब्रुक, डैन लॉरेंस, जेमी स्मिथ (विकेटकीपर), ओली रॉबिन्सन, गस एटकिंसन, जोफ्रा आर्चर, जोश टंग।
