क्रिकेट

ICC Champions Trophy 2025: भारत की जिद और आईसीसी के अल्टीमेटम के आगे झुका पाकिस्तान, शर्त के साथ स्वीकार करेगा हाइब्रिड मॉडल

पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के आयोजन के लिए आईसीसी बोर्ड द्वारा प्रस्तावित हाइब्रिड मॉडल पर एक शर्त के साथ राजी हो गया है। आधिकारिक तौर पर इसका ऐलान नहीं किया है।

Image

आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी (साभार ICC)

दुबई: पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड भारत की जिद और आईसीसी द्वारा दिए गए अल्टीमेटम के आगे झुकता दिख रहा है। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड एक शर्त के साथ आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 का आयोजन हाइब्रिड मॉडल पर करने के लिए राज़ी हो गया है। पाकिस्तान ने भारत के मैच के लिए दुबई को वेन्यू के रूप में इस शर्त पर स्वीकार किया है कि यही पॉलिसी आईसीसी साल 2031 तक लागू रहे। यानी भारत में आयोजित होने वाले आईसीसी टूर्नामेंट्स का आयोजन भी हाइब्रिड मॉडल पर हो और पाकिस्तान की टीम अपने मैच अन्य किसी वेन्यू पर खेले। इसी शर्त पर पीसीबी आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 की मेजबानी हाइब्रिड मॉडल पर करने को राजी हुआ है।

आईसीसी ने शुक्रवार को दिया था पाकिस्तान को अल्टीमेटम

शुक्रवार को आईसीसी बोर्ड की हुई बैठक में पाकिस्तान को छोड़कर अन्य सभी सदस्य हाइब्रिड मॉडल पर आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के आयोजन पर सहमत थे। लेकिन पाकिस्तान लगातार इसे अस्वीकार करता रहा। ऐसे में बैठक को शनिवार के तक के लिए टाल दिया गया और पाकिस्तान को हाइब्रिड मॉडल के साथ टूर्नामेंट के आयोजन का अल्टीमेटम दिया गया। नहीं तो उसके बगैर अन्य किसी देश में टूर्नामेंट के आयोजन की बात कही गई थी। इसके बाद पीसीबी शर्त के साथ हाइब्रिड मॉडल को अपनाने जा रहा है। आधिकारिक तौर पर आईसीसी ने हाइब्रिड मॉडल के आधार पर टूर्नामेंट के आयोजन की पुष्टि नहीं की है।

19 फरवरी से 9 मार्च के बीच होगा टूर्नामेंट का आयोजन

पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी का पाकिस्तान में आयोजन 19 फरवरी से 9 मार्च के बीच पाकिस्तान के तीन वेन्यू लाहौर, कराची और रावलिपंडी में होना था। भारत को सुरक्षा के मद्देनज़र एक मैदान पर सभी मैच खेलने का विकल्प दिया था। लेकिन भारत सरकार की सलाह के बाद बीसीसीआई ने आईसीसी को बताया था कि भारतीय टीम पाकिस्तान दौरे पर नहीं जा सकता है। उसके बाद से ही टूर्नामेंट के हाइब्रिड मॉडल पर आयोजन को लेकर धमाचौकड़ी मची हुई थी।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article