ढाका: तेज गेंदबाज मोहम्मद अब्बास और सलामी बल्लेबाज अजान अवैस के शानदार प्रदर्शन की बदौलत पाकिस्तान ने शनिवार को बांग्लादेश के खिलाफ पहले क्रिकेट टेस्ट मैच के दूसरे दिन स्टंप तक एक विकेट पर 179 रन बना लिए हैं। बांग्लादेश ने दूसरे दिन की शुरुआत चार विकेट पर 301 रन से की। लेकिन अब्बास के 92 रन देकर पांच विकेट के शानदार प्रदर्शन से मेजबान टीम 413 रन पर ऑल आउट हो गई। अब्बास के अलावा पाकिस्तान के लिए 3 विकेट शाहीन शाह अफरीदी ने और एक-एक विकेट हसन अली और नोमान अली की झोली में गया।
इमाम और अवैस ने दिलाई पाकिस्तान को शानदार शुरुआत
बांग्लादेश के पहली पारी में बनाए 413 रन के जवाब में खेलने उतरी पाकिस्तानी टीम को डेब्यूटेंट अजान अवैस और इमाम उल हक ने पारी की शुरुआत की। दोनों ने पहले विकेट के लिए 106 रन जोड़े। इस साझेदारी को मेहदी हसन मिराज ने 22वें ओवर की आखिरी गेंद पर तोड़ दिया। इमाम 45(72) रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद अजान ने अपने करियर का पहला अर्धशतक 65 गेंद में 8 चौके की मदद से पूरा कर लिया।
डेब्यू टेस्ट में शतक से 15 रन दूर अजान
अजान ने दूसरे डेब्यूटेंट अब्दुल्लाह फैजल ने दूसरे विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी पूरी कर ली। दोनों ने दिन का खेल खत्म होने तक पाकिस्तान को एक विकेट पर 179 रन के तक पहुंचा दिया। दिन का खेल खत्म होने तक अजान ओवैस 85(133) और अब्दुल्लाह फैजल 37(78) रन बनाकर खेल रहे हैं। अवैस अपना डेब्यू शतक पूरा करने से 15 रन दूर हैं। उनकी शानदार पारी की बदौलत पाकिस्तान बांग्लादेश को करारा जवाब देने में सफल हुआ है। ऑफ स्पिनर मेहदी हसन ने बांग्लादेश को एकमात्र सफलता इमाम उल हक (45 रन) के रूप में दिलाई। दूसरे दिन का खेल समाप्त होने तक पाकिस्तान बांग्लादेश से पहला पारी में 234 रन पीछे है।
(भाषा इनपुट के साथ)
