पाकिस्तान ने नेपाल को 238 रन के विशाल अंतर से हराकर जीत के साथ एशिया कप का आगाज किया है। नेपाल के सामने जीत के लिए 343 रन का लक्ष्य था, लेकिन पाकिस्तान की धारदार गेंदबाजी के सामने पूरी टीम 23.4 ओवर में केवल 104 रन बनाकर ढेर हो गई। नेपाल की ओर से सोमपाल कामी ने 28 और विकेटकीपर बल्लेबाज आरिफ शेख ने 26 रन की पारी खेली। इन दोनों के अलावा कोई भी बल्लेबाज दहाई के आंकड़े को छू नहीं पाया।
पाकिस्तान की घातक गेंदबाजी
एक बार फिर पाकिस्तान की ओर से शानदार गेंदबाजी का प्रदर्शन देखने को मिला। हमेशा की तरह शाहीन अफरीदी ने विकेट लेने के सिलसिले को शुरू किया और उसे अंजाम तक पहुंचाया शादाब खान ने, उन्होंने सर्वाधिक 4 विकेट चटकाए। शादाब के अलावा शाहीन शाह अफरीदी और हारिस रऊफ ने 2-2 विकेट झटके।
पाकिस्तान की दमदार बल्लेबाजी
इससे पहले पाकिस्तान ने बाबर आजम और इफ्तिखार अहमद के शानदार शतकीय पारी के दम पर मेहमान नेपाल टीम के सामने 343 रन का लक्ष्य रखा। आजम ने 131 गेंद पर 151 रन की पारी खेली, जो एशिया कप में किसी भी कप्तान द्वारा खेली गई सबसे बड़ी पारी है। बाबर के अलावा इफ्तिखार अहमद ने अपने वनडे करियर का पहला शतक जड़ते हुए 71 गेंद पर नाबाद 109 रन की पारी खेली। दोनों ने 5वें विकेट के लिए 214 रन की शानदार साझेदारी की।
इससे पहले पाकिस्तान की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसने केवल 27 रन के स्कोर पर अपने दोनों ओपनर खो दिए। लेकिन तीसरे विकेट के लिए मोहम्मद रिजवान और बाबर आजम ने 86 रन की साझेदारी कर मैच में टीम की वापसी करा दी। रिजवान 44 रन की पारी खेल कर रन आउट हुए।
दूसरे मैच में भारत से मुकाबला
एशिया कप के अपने दूसरे मैच में पाकिस्तान, टीम इंडिया से भिड़ेगी। यह मुकाबला पाल्लेकेले क्रिकेट स्टेडियम कैंडी में खेला जाएगा और भारतीय समयनुसार दोपहर 3 बजे शुरू होगा।
