लॉर्ड्स टेस्ट में बाबर आजम की वापसी ने पाकिस्तान के लिए कुछ उम्मीदें तो बढ़ाई थी, लेकिन कप्तान उन उम्मीदों पर खरे नहीं उतरे। नतीजा इंग्लैंड के मौजूदा दौरे पर पाकिस्तान की टीम लगातारी तीसरी बार 150 से नीचे के स्कोर पर ढेर हो गई। लॉर्ड्स टेस्ट में इंग्लैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 290 रन बनाए। जवाब में पाकिस्तान को अपने कप्तान बाबर से उम्मीद थी कि वह बल्लेबाजी की डूबती नैय्या को संभालेंगे, लेकिन जोश टंग ने उन्हें 8 रन के निजी स्कोर पर पवेलियन भेज दिया।
110 रन पर ढेर हुई पाकिस्तान टीम
290 रन के जवाब में पाकिस्तान की टीम 37.2 ओवर में 110 रन बनाकर ढेर हो गई। इंग्लैंड की ओर से रॉबिन्सन ने केवल 11 रन देकर 4 विकेट जबकि जोफ्रा आर्चर ने 3 और जोश टंग ने 1 विकेट चटकाए। पाकिस्तान की ओर से अजान अवैश के अलावा कोई भी बल्लेबाज इंग्लैंड के गेंदबाजों के सामने टिक नहीं पाया।
अजान ने 102 गेंद में 46 रन की जुझारू पारी खेली। पाकिस्तान की खराब बल्लेबाजी का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि उसके 9 बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू पाए। इंग्लैंड की पहली पारी के जवाब में पाकिस्तान अब भी 180 रन पीछे है।
टाइम्सनाउ पर ये भी पढ़ें- ऋषभ पंत के नेचुरल गेम पर अश्विन ने उठाया सवाल, गिलक्रिस्ट और सहवाग से सीख लेने की बात कही
तीसरी बार 150 रन के भीतर ढेर
बाबर हो या फिर ना हो पाकिस्तान को इसका फायदा इस दौरे पर होता नहीं दिख रहा है। लीड्स में पाकिस्तान ने पहली पारी में 171 रन बनाए थे, जबकि दूसरी पारी में टीम 135 रन पर ही ढेर हो गई। लॉर्ड्स मे वापसी की उम्मीद थी, लेकिन यहां स्थिति बद से बदतर हो गई। पाकिस्तान ने पहला टेस्ट पारी और 103 रन से अपने नाम किया था। ऐसे में सीरीज में बने रहने के लिए उसे हर हाल में लॉर्ड्स में जीत की दरकार थी, लेकिन जिस तरह से पहली पारी में उसने बल्लेबाजी की है, उसको देखते हुए अब चमत्कार ही उसे इस मुकाबले में हार से बचा सकती है।
