इंग्लैंड ने सोमवार को पाकिस्तान के खिलाफ दूसरा टेस्ट 26 रन से जीत लिया। पाकिस्तान की टीम मुल्तान में 355 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए दूसरी पारी में 102.1 ओवर में 328 रन पर ढेर हो गई। सऊद शकील (94) की दमदार पारी पर पानी फिर गया। इंग्लैंड के लिए मार्क वुड ने सर्वाधिक चार विकेट चटकाए। ओली रॉबिन्सन और जेम्स एंडरस ने दो-दो जबकि जैक लीच और जो रूट ने एक-एक शिकार किया। इंग्लैंड मुल्तान में जीत दर्ज करते ही टेस्ट सीरीज का सुल्तान बन गया है। इंग्लैंड सीरीज में 2-0 से आगे हो गया है। अब आखिरी टेस्ट 17 दिसंबर से कराची में खेला जाएगा।
पाकिस्तान ने सुबह चार विकेट पर 198 रन से आगे खेलना शुरू किया और दिन के छठे ओवर में ही फहीम अशरफ (10) का विकेट गंवा दिया। रूट ने उन्हें स्लिप में कैच कराया। शकील ने छठे विकेट के लिए मोहम्मद नवाज (45) के साथ 80 रन की साझेदारी की। जब तक दोनों क्रीज पर थे तो पाकिस्तान की जीत की उम्मीदें बरकरार रखीं। नवाज पाकिस्तानी पारी के 92वें ओवर में वुड का शिकार बने। उन्होंने 7 चौके लगाए। शकील ने अपना विकेट 94वें ओवर में खोया। उन्हें भी वुड ने अपने जाल में फंसाया। शकील ने 213 गेंदों का सामना करने के बाद 8 चौकों की मदद से 94 रन बनाए।
शकील का विकेट 291 के कुल स्कोर पर गिरा, जिसके बाद पाकिस्तान टीम संभल नहीं पाई। अबरार अहमद 12 गेंदों में 17 रन ही बना सके। जाहिद महमूद और मोहम्मद अली का खाता नहीं खुला। पाकिस्तान ने अपने आखिरी 6 विकेट 130 रन जोड़कर गंवा दिए। वहीं, तीसरे दिन इमाम-उल-हक ने 104 गेंदों में 60 रन की पारी खेली। पहली पारी में अर्धशतक जड़ने वाले कप्तान बाबर आजम (1) का बल्ला खामोश रहा। गौरतलब है कि इंग्लैंड ने रावलपिंडी में पहला टेस्ट मैच 74 रन से जीता था। इंग्लैंड ने पाकिस्तान में 17 साल बाद पहली टेस्ट सीरीज जीती है।
