क्रिकेट

PAK vs BAN 1st Test Day one Highlights: शुरुआती झटकों से उबरा पाकिस्तान, पहले दिन बनाए 4 विकेट पर 158 रन

पाकिस्तान क्रिकेट टीम बांग्लादेश के खिलाफ बारिश से प्रभावित टेस्ट मैच के पहले दिन खराब शुरुआत से उबरते हुए दिन का खेल खत्म होने तक 4 विकेट के नुकसान पर 158 रन बना लिए हैं। जानिए कैसा रहा दिन के खेल का हाल?

Image

सऊद शकील और सैम अयूब(साभार Pakistan Cricket)

KEY HIGHLIGHTS
  • बांग्लादेश के नाम रहा रावलपिंडी टेस्ट का पहला दिन
  • पहले दिन पाकिस्तान ने बनाए 4 विकेट पर 154 रन
  • पाकिस्तान ने 16 रन पर 3 विकेट गंवाने के बाद की वापसी

रावलपिंडी: पाकिस्तान और बांग्लादेश के बीच रावलपिंडी में बुधवार को शुरु हुए सीरीज के बारिश से प्रभावित पहले दिन पाकिस्तान ने 4 विकेट के नुकसान पर 158 रन बना लिए हैं। बांग्लादेश ने टॉस जीतकर पाकिस्तान को पहले बल्लेबाजी को न्यौता दिया और 16 रन पर तीन विकेट चटकाकर मेजबान टीम को बैकफुट पर धकेल दिया। इसके बाद पाकिस्तान ने वापसी की और सैम अयूब और सऊद शकील की अर्धशतकीय पारियों की बदौलत वापसी करने में सफल रही। दिन के खेल समाप्त होने पर सऊद शकील 57(92) और मोहम्मद रिजवान 24(31) रन बनाकर खेल रहे थे।

खाता नहीं खोल पाए बाबर, 16 रन पर पाकिस्तान ने गंवाए 3 विकेट

बारिश की वजह से पहले दिन का खेल निर्धारित समय पर शुरू नहीं हो सका। ऐसे में बांग्लादेश के कप्तान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। उनके इस फैसले को हसन महमूद और शरीफुल इस्लाम ने सही साबित कर दिया और 16 रन के स्कोर तक अबदुल्लाह शफीक(2), कप्तान शान मसूद(6) और बाबर आजम(0) को चलता कर दिया। अब्दुल्लाह शफीक हसन महमूद की गेंद पर जाकिर हसन के हाथों लपके गए। वहीं शरीफुल इस्लाम ने शान मसूद और बाबर आजम को विकेट के पीछे लिट्टन दास के हाथों कैच करा दिया। बाबर आजम अपना खाता भी नहीं खोल पाए।

अयूब और शकील ने संभाली पाकिस्तान की डूबती नैय्या

ऐसी मुश्किल स्थिति में पाकिस्तान की पारी को सैम अयूब और सऊद शकील की जोड़ी ने संभाला। दोनों ने मिलकर टीम को 50 रन के पार पहुंचाया। दोनों के बीच चौथे विकेट के लिए 98 रन की साझेदारी हुई। इससे पहले सैम अयूब ने अपना अर्धशतक पूरा किया लेकिन 98 गेंद पर 56 रन बनाकर हसन महमूद की गेंद पर मेहदी हसन के हाथों लपके गए।

रिजवान और शकील ने पहुंचाया 150 रन के पार

114 के स्कोर पर चौथा विकेट गंवाने के बाद पाकिस्तान को कोई और झटका दिन का खेल खत्म होने तक नहीं लगा। सऊद शकील ने अपना अर्धशतक पूरा किया। अंत में शकील 57 और मोहम्मद रिजवान 24 रन बनाकर नाबाद रहे। दोनों ने मिलकर टीम को 150 रन के पार पहुंचा दिया। पहले दिन के खेल का अंत पाकिस्तान ने 4 विकेट पर 154 रन के साथ किया। बांग्लादेश के लिए 2-2 विकेट शरीफुल इस्लाम और हसन मोहम्मद ने लिए।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article