क्रिकेट

OTD: आज ही के दिन भारत ने दूसरी बार जीता था चैंपियंस ट्रॉफी का खिताब, एमएस धोनी ने रचा था इतिहास

On This Day in 2013: आज (23 जून) का दिन भारतीय क्रिकेट टीम के हर खिलाड़ी और फैंस के लिए बेहद ही खास है। आज ही के दिन 13 साल पहले टीम इंडिया ने इतिहास के पन्नों में अपना नाम दर्ज करते हुए दूसरी बार चैंपियंस ट्रॉफी जीत ली थी।

Image

चैंपियंस ट्रॉफी 2013 जीत (फोटो- BCCI)

On This Day in 2013: आज ही के दिन 23 जून 2013 को भारतीय क्रिकेट इतिहास का एक स्वर्णिम अध्याय लिखा गया था। एमएस धोनी की कप्तानी में भारतीय टीम ने बर्मिंघम के एजबेस्टन मैदान पर इंग्लैंड को हराकर आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी पर कब्जा जमाया था। यह मैच क्रिकेट प्रेमियों के दिलों में आज भी जिंदा है।

बारिश से छोटा हुआ मैच, भारत ने बनाए 129 रन

मैच की शुरुआत ही बारिश के कारण देरी से हुई और इसे प्रति पक्ष 20 ओवर का कर दिया गया। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए शुरुआती संघर्ष के बाद 129 रन बनाए। विराट कोहली ने 43 रन की अहम पारी खेली जबकि रविंद्र जडेजा ने नाबाद 33 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेलकर टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया।

इशांत-अश्विन-जडेजा की जबरदस्त वापसी

इंग्लैंड ने पीछा करते हुए अच्छी शुरुआत की और मैच पर कब्जा जमाते दिखे। लेकिन भारतीय गेंदबाजों ने जबरदस्त वापसी की। रविचंद्रन अश्विन, इशांत शर्मा और जडेजा ने कड़ी गेंदबाजी कर इंग्लैंड पर दबाव बनाया। इशांत शर्मा ने एक ही ओवर में दो बड़े विकेट झटककर मैच का रुख भारत के पक्ष में कर दिया।

आखिरी ओवर का रोमांच

आखिरी ओवर में इंग्लैंड को जीत के लिए 15 रन चाहिए थे। धोनी ने अश्विन को आखिरी ओवर फेंकने की जिम्मेदारी दी। अश्विन ने नर्वस फ्री होकर गेंदबाजी की और भारत ने सिर्फ 5 रन से यह जबरदस्त मुकाबला जीत लिया।

दोहरी खुशी: धवन को गोल्डन बैट, जडेजा को गोल्डन बॉल

इस टूर्नामेंट में शिखर धवन सबसे ज्यादा रन बनाकर गोल्डन बैट के हकदार बने जबकि रविंद्र जडेजा ने सर्वाधिक विकेट लेकर गोल्डन बॉल जीता। इस जीत के साथ ही धोनी क्रिकेट इतिहास में एकमात्र ऐसे कप्तान बन गए जिन्होंने आईसीसी के सभी तीनों बड़े ट्रॉफियां - आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप, आईसीसी वनडे वर्ल्ड कप और आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी जीती हों।

SIddharth Sharma
SIddharth Sharma author

सिद्धार्थ शर्मा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के स्पोर्ट्स डेस्क से जुड़े हैं। सिद्धार्थ को बचपन से ही खेलों, खासकर क्रिकेट में गहरी रुचि रही है और इसी जुनून ने उन्हें स्पोर्ट्स जर्नलिज्म की ओर खींचा। वह खिलाड़ियों के रिकॉर्ड्स और स्पोर्ट्स एनालिसिस पर मजबूत पकड़ रखते हैं। अबतक 4,000 से अधिक आर्टिकल लिख चुके सिद्धार्थ अपनी स्टोरीज को सरल, सटीक और रोचक अंदाज में प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रहती है कि पाठकों तक तेजी से, सही समय पर और विश्वसनीय स्पोर्ट्स अपडेट्स पहुंचें।

और पढ़ें
End of Article