क्रिकेट

EXCLUSIVE: श्रेयस अय्यर नहीं, संजू सैमसन बनेंगे टीम इंडिया के नए टी20 कप्तान

बीसीसीआई ने टीम इंडिया को तीसरी बार टी20 वर्ल्ड चैंपियन बनाने वाले कप्तान सूर्यकुमार यादव की जगह नए कप्तान के नाम का ऐलान करने की तैयारी कर ली है। जानिए कब होगा अंतिम फैसला?

Image

संजू सैमसन (फोटो क्रेडिट BCCI X)

Team India New T20 Captain: बीसीसीआई ने टीम इंडिया को तीसरी बार टी20 वर्ल्ड चैंपियन बनाने वाले कप्तान सूर्यकुमार यादव की जगह नए कप्तान के नाम का ऐलान करने की तैयारी कर ली है। टाइम्स नाउ को बीसीसीआई सूत्र द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक संजू सैमसन भारतीय टी20 टीम के नए कप्तान होंगे। संजू की ताजपोशी का ऐलान टीम इंडिया के आयरलैंड दौरे पर कप्तान सूर्यकुमार यादव के प्रदर्शन को देखने के बाद कप्तानी में बदलाव का फैसला किया जाएगा। ऐसे में इंग्लैंड दौरे पर टीम इंडिया की कमान नए कप्तान संजू सैमसन संभालते नज़र आएंगे।

आयरलैंड दौरे के बाद होगा फैसला

लंबे समय से फॉर्म से जूझ रहे सूर्यकुमार यादव के टीम इंडिया में बतौर कप्तान और खिलाड़ी भविष्य का फैसला आयरलैंड दौरे के बाद होगा। टीम इंडिया आयरलैंड के खिलाफ दो मैच की टी20 सीरीज खेलेगी। सीरीज के मुकाबले 26 और 28 जून को बेलफास्ट में खेले जाएंगे। इसके बाद टीम इंडिया इंग्लैंड दौरे पर जाएगी। इंग्लैंड दौरे पर भारतीय टीम पांच मैच की टी20 और तीन मैच की वनडे सीरीज खेलेगी। टी20 सीरीज 1 जुलाई से 11 जुलाई, 2026 के बीच डरहम, मैनचेस्टर, नॉटिंघम, ब्रिस्टल और साउथैम्पटन में खेले जाएंगे। उसके बाद तीन मैच की वनडे सीरीज के तीन मुकाबले 14, 16 और 19 जुलाई को बर्मिंघम, कार्डिफ और लॉर्ड्स में खेले जाएंगे।

अय्यर के हाथ में क्यों नहीं आएगी कमान?

आईपीएल में पंजाब किंग्स की कप्तानी कर रहे श्रेयस अय्यर का नाम भी भारतीय टी20 टीम के नए टी20 कप्तान के रूप में सामने आ रहा है लेकिन बीसीसीआई सूत्र के मुताबिक, श्रेयस अय्यर वर्तमान में भारतीय टी20 टीम का हिस्सा नहीं हैं। इसी वजह से संजू का नए कप्तान के रूप में दावा ज्यादा मजबूत है इसी वजह से बोर्ड अय्यर को नए कप्तान बनाने का इच्छुक नहीं है। हार्दिक को दोबारा कप्तान बनाए जाने के पक्ष में भी बोर्ड नहीं है। सैमसन दो बार टी20 विश्व कप जीतने वाली टीम के सदस्य रहे हैं। बीसीसीआई आईपीएल में उनके लीडरशिप रोल को भी देख रहा है लंबे समय तक संजू ने राजस्थान रॉयल्स की कप्तानी की है। ऐसे में टीम इंडिया का नया कप्तान बनने पर आईपीएल का कप्तानी अनुभव भी उनके काम आएगा।

बल्ले की खामोशी बनी सूर्या की राह का रोड़ा

सूर्यकुमार यादव का टी20 टीम की कमान संभालने के बाद प्रदर्शन बतौर बल्लेबाज बेहद खराब रहा है। इस दौरान सूर्या 40 मैच में 921 रन 27.08 के औसत और 151.98 के स्ट्राइक रेट से बना सके। इसमें 6 अर्धशतक शामिल हैं। नाबाद 84 उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा। ये पारी उन्होंने यूएसके के खिलाफ विश्व कप 2026 में वानखेड़े स्टेडियम में खेली थी। बड़ी टीमों के खिलाफ अधिकांश मैचों में उनका बल्ला खामोश रहा। सूर्या की कप्तानी मे भारतीय टीम ने कोई सीरीज नहीं गंवाई। सूर्या की कप्तानी में टीम इंडिया ने 52 मैच खेले जिसमें से 40 में उसे जीत मिली और 8 में हार का सामना करना पड़ा। सूर्या की कप्तानी में टीम इंडिया का जीत प्रतिशत 82 का रहा। 35 वर्षीय सूर्या के बल्ले की खामोशी उनकी राह का सबसे बड़ा रोड़ा बन गई है।

सैमसन को मिलेगा विश्व कप में धमाल का ईनाम

संजू सैमसन ने भारत को टी20 विश्व कप 2026 में चैंपियन बनाने में अहम भूमिका अदा की थी। उन्होंने विश्व कप में 5 पारी में 321 रन 80.25 के औसत और 199.37 के स्ट्राइक रेट से बनाए थे। वेस्टइंडीज, इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के खिलाफ उन्होंने 97*,89 और 89 रन की पारियां खेलीं। उन्हें टूर्नामेंट का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी भी चुना गया। भारतीय टीम की खिताबी जीत का सेहरा सैमसन के सिर पर सजा था ऐसे में बीसीसीआई उन्हें कप्तान बनाकर ईनाम देना चाहता है। अगला टी20 विश्व कप अक्टूबर-नवंबर 2028 को ऑस्ट्रेलिया न्यूजीलैंड की साझा मेजबानी में खेला जाएगा। ऐसे में नए कप्तान को टीम तैयार करने का पूरा वक्त मिलना चाहिए। इसी वजह से बीसीसीआई कप्तानी में बदलाव के मसले पर गंभीरता से विचार कर रहा है।

Ankan Kar
Ankan Karauthor

अंकन कर बतौर खेल पत्रकार के रूप में 10 साल देश के बड़े मीडिया संस्थानों से जुड़े हैं। एमएस धोनी के फैन अंकन बगैर किसी विवाद के अपना काम करने में यकीन करते हैं। अंकन को आप एक्स @ankankar पर फॉलो कर सकते हैं।

और पढ़ें
End of Article