क्रिकेट

BAN vs NED: बांग्लादेश दौरे के लिए नीदरलैंड की टीम घोषित, 17 वर्षीय खिलाड़ी को मिला मौका

Netherlands Squad: नीदरलैंड की टीम तीन टी20 मैचों की सीरीज के लिए बांग्लादेश के दौरे पर आने वाली है। इस सीरीज के लिए नीदरलैंड ने 17 साल के खिलाड़ी सेड्रिक डी लांगे को मौका दिया है।डी लांगे ने क्लब और अंडर-19 दोनों स्तरों पर लगातार अच्छे प्रदर्शन के साथ-साथ हाल ही में प्रो सीरीज में प्रभावशाली प्रदर्शन के दम पर अपनी जगह बनाई है।

Image

नीदरलैंड क्रिकेट टीम (फोटो- ICC)

Netherlands Squad: नीदरलैंड की क्रिकेट टीम तीन टी20 मैचों की सीरीज खेलने के लिए बांग्लादेश का दौरा करने जा रही है। इस दौरे के लिए चयनकर्ताओं ने 17 वर्षीय युवा खिलाड़ी सेड्रिक डी लांगे को टीम में शामिल कर सबको चौंका दिया है।डी लांगे ने क्लब क्रिकेट और अंडर-19 स्तर पर लगातार अच्छे प्रदर्शन के साथ-साथ हाल ही में खेले गए प्रो सीरीज में शानदार गेंदबाजी और बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया। इसी दम पर उन्हें राष्ट्रीय टीम में पहली बार जगह मिली है।

कप्तान स्कॉट एडवर्ड्स ने जताई खुशी

नीदरलैंड के कप्तान स्कॉट एडवर्ड्स ने डी लांगे के चयन पर अपनी प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि "किसी युवा खिलाड़ी को टीम में शामिल करना हमेशा रोमांचक होता है। सेड्रिक ने लगातार प्रभावशाली प्रदर्शन किया है और इसी आधार पर उन्हें मौका दिया गया है। हम उत्सुक हैं कि वह इस दौरे और अपने करियर में टीम के लिए क्या योगदान देते हैं।"

सेबेस्टियन ब्राट और सिकंदर जुल्फिकार की वापसी

दाएं हाथ के तेज गेंदबाज सेबेस्टियन ब्राट और अनुभवी ऑलराउंडर सिकंदर जुल्फिकार को भी टीम में शामिल किया गया है।ब्राट लगभग चार साल बाद टीम में वापसी कर रहे हैं। उन्होंने 2021 में नेपाल दौरे के बाद अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नहीं खेला था। उनका चयन हालिया प्रो सीरीज और घरेलू क्लब क्रिकेट में उनके शानदार प्रदर्शन के आधार पर हुआ।कप्तान एडवर्ड्स ने उनके चयन पर कहा कि 'हम उनका स्वागत करते हैं। क्लब और घरेलू क्रिकेट में उनका प्रदर्शन शानदार रहा है और वह टीम को मजबूती देंगे।'

चोटिल खिलाड़ियों की जगह नए खिलाड़ियों को मौका

इस टीम में कुछ बदलाव मजबूरी में करने पड़े। तेज गेंदबाज रयान क्लेन और फ्रेड क्लासेन चोट के कारण टीम से बाहर हो गए हैं, वहीं साकिब जुल्फिकार निजी कारणों से इस दौरे का हिस्सा नहीं होंगे। इनकी जगह नए खिलाड़ियों को शामिल किया गया है।

सीरीज का कार्यक्रम

नीदरलैंड और बांग्लादेश के बीच तीन टी20 मैचों की यह सीरीज खेली जाएगी –

पहला मैच: 30 अगस्त 2025

दूसरा मैच: 1 सितंबर 2025

तीसरा मैच: 3 सितंबर 2025

नीदरलैंड की टीम

स्कॉट एडवर्ड्स (कप्तान और विकेटकीपर), नोआ क्रोज, मैक्स ओ’डॉव, विक्रमजीत सिंह, तेजा निदामनुरु, सिकंदर जुल्फिकार, सेड्रिक डी लांगे, काइल क्लेन, आर्यन दत्त, पॉल वैन मीकेरेन, शारिज अहमद, बेन फ्लेचर, डेनियल डोरम, सेबेस्टियन ब्राट, टिम प्रिंगल।
SIddharth Sharma
SIddharth Sharma author

सिद्धार्थ शर्मा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के स्पोर्ट्स डेस्क से जुड़े हैं। सिद्धार्थ को बचपन से ही खेलों, खासकर क्रिकेट में गहरी रुचि रही है और इसी जुनून ने उन्हें स्पोर्ट्स जर्नलिज्म की ओर खींचा। वह खिलाड़ियों के रिकॉर्ड्स और स्पोर्ट्स एनालिसिस पर मजबूत पकड़ रखते हैं। अबतक 4,000 से अधिक आर्टिकल लिख चुके सिद्धार्थ अपनी स्टोरीज को सरल, सटीक और रोचक अंदाज में प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रहती है कि पाठकों तक तेजी से, सही समय पर और विश्वसनीय स्पोर्ट्स अपडेट्स पहुंचें।

और पढ़ें
End of Article