Navi Mumbai Rain Prediction And Weather Forecast: भारत और दक्षिण अफ्रीका की महिला क्रिकेट टीमों के बीच रविवार को नवी मुंबई के डीवाय पाटिल स्टेडियम में आईसीसी विमेंस वनडे वर्ल्ड कप 2025 का फाइनल मैच खेला जाएगा। टीम इंडिया छह बार की चैंपियन ऑस्ट्रेलिया को इसी मैदान पर धमाकेदार अंदाज में पांच विकेट से पटखनी देकर फाइनल में पहुंचने में सफल हुई। वहीं दक्षिण अफ्रीकी टीम ने इंग्लैंड को गुवाहाटी में खेले गए पहले सेमीफाइनल में 125 रन के अंतर से मात देकर फाइनल में पहुंची। दोनों टीमों ने अबतक एक बार भी वर्ल्ड कप अपने नाम नहीं किया है। ऐसे में दोनों टीमों के बीच रविवार को खिताब के लिए कांटे की टक्कर हो सकती है। लेकिन नवी मुंबई में प्रशंसकों की नजरें मैदान के साथ-साथ आसमान पर भी रहेंगी।
नवी मुंबई में 2:30 बजे टॉस होना था लेकिन बारिश की वजह से पहले उसे 3:00 PM तक टाल दिया गया था। बारिश की वजह से फिर देरी हुई। दोबारा टॉस का समय 4:30 बजे निर्धारित हुआ है। मैच 5:00 PM बजे शुरू होगा। दक्षिण अफ्रीका ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया है।
बारिश बनी विलेन, पहले ही जताई गई थी बारिश की संभावना
पिछले कुछ दिनों से नवी मुंबई और आसपास के इलाकों में बारिश हो रही है। नवी मुंबई के डीवाय पाटिल स्टेडियम पर टूर्नामेंट के भारत और बांग्लादेश के बीच खेले गए आखिरी लीग मुकाबले पर पानी फिर गया था। गुरुवार को भारत-ऑस्ट्रेलिया के बीच खेले गए सेमीफाइनल मैच के दौरान भी हलकी फुलकी बारिश हुई थी। ऐसे में फाइनल मैच पर भी बारिश का साया मंडरा रहा है। नवी मुंबई में रविवार(2 नवंबर, 2025) को आसमान में बादल छाए रहेंगे। मैच दोपहर तीन बजे शुरू होगा। रविवार सुबह तड़के बारिश की संभावना 60 प्रतिशत तक है। दोपहर होते होते आसमान में काले बादल छाए रहेंगे और बारिश की संभावना दो बजे 15 प्रतिशत तक हो जाएगी। इस वक्त तापमान 26 से 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा। लेकिन शाम चार बजे के बाद तेज बारिश हो सकती है जिसके छह से सात बजे तक जारी रहने की संभावना है। मैच में बारिश खलल डालेगी और बीच बीच में उसे रोकना पड़ सकता है। इस वजह से ओवरों में कटौती हो सकती है लेकिन मैच के पूरा होने की संभावना है। मैदान के अत्याधिक गीले होने की वजह से ही मैच को अलगे दिन तक टाला जा सकता है।
रिजर्व डे का है प्रावधान (Women's World Cup 2025 Final Reserve Day)
आईसीसी ने महिला विश्व कप 2025 के नॉकआउट चरण के मैचों के लिए रिजर्व डे का प्रावधान रखा है। ऐसे में अगर बारिश की वजह से फाइनल मैच को अगले दिन पूरा किया जा सकता है। मैच ऑफीशियल्स मैच को तय दिन कम से कम 20-20 ओवर का करवाकर परिणाम निकालने की कोशिश करेंगे। अगर ऐसा संभव नहीं हुआ तो सोमवार को फाइनल मुकाबला वहीं से आगे खेला जाएगा जहां रविवार को रुकेगा। मैच में दोबारा टॉस नहीं होगा और मैच दोबारा शुरू नहीं होगा। नवी मुंबई के डीवाय पाटिल स्टेडियम में मौजूद भारतीय प्रशंसक ऐसा होता नहीं देखना चाहेंगे और इसके लिए बच्चों की लोकप्रिय अंग्रेजी कविता रेन रेन गो अवे... इंडिया-साउथ अफ्रीका वान्ट्स टू प्ले गाते नजर आएंगे।
