क्रिकेट

VHT 2025-26: रोहित शर्मा की नाकामी के बावजूद मुंबई ने दी उत्तराखंड को पटखनी, दर्ज की लगातार दूसरी जीत

रोहित शर्मा के गोल्डन डक पर आउट होने के बावजूद मुंबई की टीम उत्तराखंड को विजय हजारे ट्रॉफी के ग्रुप सी के मुकाबले में 51 रन के अंतर से पटखनी देने में सफल रही। ग्रुप सी के अन्य मुकाबलों का ऐसा रहा हाल।

Rohit Sharma

रोहित शर्मा (फोटो क्रेडिट Mumbai Cricket team)

जयपुर: रोहित शर्मा के पहली गेंद पर खाता खोले बगैर आउट होने के बावजूद मुंबई ने विजय हजारे ट्रॉफी के ग्रुप सी मैच में उत्तराखंड को 51 रनों से शिकस्त दी। मुंबई ने पहले बल्लेबाजी करते हुए विकेटकीपर-बल्लेबाज हार्दिक तमोरे (82 गेंदों पर 93 रन नाबाद), सरफराज खान (49 गेंदों पर 55 रन) और मुशीर खान (56 गेंदों पर 55 रन) के उपयोगी योगदान की बदौलत सात विकेट पर 331 रन बनाये। मुशीर ने बाद में गेंदबाजी में भी कमाल दिखाते हुए 57 रन पर दो विकेट झटके।

280/9 रन बना सका उत्तराखंड

बाएं हाथ के सलामी बल्लेबाज युवराज चौधरी की 96 रनों की आक्रामक पारी की बदौलत उत्तराखंड की टीम नौ विकेट पर 280 रन ही बना सकी। सनराइजर्स हैदराबाद द्वारा अप्रत्याशित रूप से टीम में शामिल किए गए ओंकार तरमाले ने लिस्ट ए में अपने पहले मैच में 40 रन देकर दो विकेट लिए। आईपीएल की मिनी नीलामी में सनराइजर्स हैदराबाद से बोली हासिल करने वाले ओंकार तारमाले ने भी 40 रन देकर दो विकेट लिये।

पहली ही गेंद पर आउट हुए रोहित शर्मा

स्टेडियम में लगभग 5000 की संख्या में मौजूद दर्शकों को रोहित शर्मा के अपनी पारी की पहली ही गेंद पर आउट होने से निराशा का सामना करना पड़ा। लंबे कद के मध्यम गति के गेंदबाज देवेंद्र बोरा (74 रन पर तीन विकेट) ने शॉट पिच गेंद पर अपने करियर का सबसे यादगार विकेट लिया। पूर्व भारतीय कप्तान ने सहज रूप से पुल शॉट खेलने की कोशिश की लेकिन डीप फाइन लेग पर तैनात जगमोहन नागरकोटी ने अपने दूसरे प्रयास में कैच लपक लिया। रोहित के आउट होने से बावजूद दर्शकों ने स्टेडियम में आना जारी रखा। वह इस सलामी बल्लेबाज के आउट होने के बावजूद स्टेडियम से बाहर निकलने को तैयार नहीं थे।

मुंबई की टीम जब क्षेत्ररक्षण कर रही थी तब रोहित ने कप्तान शार्दुल ठाकुर की गेंद पर पहली स्लिप में शानदार कैच लपककर सलामी बल्लेबाज कमल सिंह को चलता किया। दर्शक इसके बाद ‘एक-दो, रोहित को गेंदबाजी दो’ का नारा लगाने लगे लेकिन शारदुल ने उन्हें अनसुना कर दिया। मैच के 49वें ओवर में जब मुंबई की जीत पक्की हो गयी तब तेज गेंदबाज तुषार देशपांडे ने रोहित से गेंदबाजी करने के बारे में पूछा लेकिन उन्होंने मना कर दिया।

सरफराज और मुशीर के बीच हुई 107 रन की साझेदारी

इससे पहले सरफराज और मुशीर ने तीसरे विकेट के लिए 107 रन की साझेदारी कर मुंबई को खराब शुरुआत से उबारा। सरफराज ने स्क्वायर क्षेत्र की तरफ ज्यादा शॉट खेलने के साथ बाएं हाथ के स्पिनर मयंक मिश्रा की गेंद पर एक बड़ा छक्का जड़ा तो वहीं उनके छोटे भाई मुशीर ने लांग ऑफ और लांग ऑन के बीच में ज्यादा रन बटोरे। उन्होंने गेंदबाजों के सिर के ऊपर से भी कुछ शॉट खेले। दोनों हालांकि अच्छी शुरुआत को बड़ी पारी में बदलने में नाकाम रहे।

इसके बाद तमोरे ने मोर्चा संभाला और विकेटों के बीच अच्छी दौड़ लगाई और बाएं हाथ के स्पिनर मिश्रा और जे सुचित के खिलाफ अपने पैरों का भी इस्तेमाल करते हुए दोनों के खिलाफ एक-एक छक्का जड़ा। उन्होंने मुंबई के संकटमोचक रहे शम्स मुलानी (35 गेंदों में 48 रन) के साथ 10.5 ओवर में उनकी 95 रनों की साझेदारी कर टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचाया लेकिन शतक पूरा करने से चूक गये।

महाराष्ट्र ने दी सिक्किम को 8 विकेट से मात

ग्रुप के अन्य मैच में महाराष्ट्र ने एकतरफा मैच में सिक्किम को आठ विकेट से हराया। पहले बल्लेबाजी का न्योता मिलने पर सिक्किम की टीम 40.2 ओवर में 150 रन पर आउट हो गयी। महाराष्ट्र ने पृथ्वी शॉ (51) और अर्शिन कुलकर्णी (40) के बीच पहले विकेट के लिए 70 रन की साझेदारी की बदौलत महज 18 ओवरों में जीत हासिल कर ली। कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ ने 13 गेंदों पर नाबाद 38 रन की ताबड़तोड़ पारी खेली।

पंजाब ने छत्तीसगढ़ को मात

हरनूर सिंह (नाबाद 115) और अनमोलप्रीत सिंह (नाबाद 105) के तूफानी शतकों की बदौलत पंजाब ने छत्तीसगढ़ को नौ विकेट से करारी शिकस्त दी। पहले बल्लेबाजी करते हुए छत्तीसगढ़ की टीम 48.4 ओवर में 253 रन पर ऑल आउट हो गई, जिसमें अमनदीप खरे (70) और मयंक वर्मा (64) ने अर्धशतक बनाए। पंजाब ने सलामी बल्लेबाज हरनूर और अनमोलप्रीत की 178 गेंदों में 184 रन की अटूट साझेदारी से 42.1 ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर लिया।

गोवा ने हिमाचल को हराया

गोवा ने कप्तान दीपराज गांवकर के हरफनमौला खेल से हिमाचल प्रदेश पर आठ रन से रोमांचक जीत दर्ज की। गोवा ने ललीत यादव (104) और गांवकर (71) के उपयोगी योगदान से नौ विकेट पर 285 रन बनाने के बाद हिमाचल को 49.3 ओवर में 277 रन पर आउट कर दिया। हिमाचल के लिए पुखराज मान ने 126 रन बनाये। गांवकर ने पांच विकेट चटकाकर हिमाचल पर शिकंजा कसे रखा।

(भाषा)

भारत बनाम दक्षिण अफ्रीका पांचवे टी20 मैच का लाइव स्कोर की हर अपडेट (IND Vs SA Live Score Today Match) के लिए जुड़े रहे हमारे साथ।

नवीन चौहान
नवीन चौहान author

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों स... और देखें

End of Article