क्रिकेट

IPL के 'इम्पैक्ट प्लेयर' नियम पर आखिरकार धोनी ने तोड़ी अपनी चुप्पी, जानिए क्या कहा

MS Dhoni on Impact Player Rule In IPL: चेन्नई सुपर किंग्स के पूर्व कप्तान और भारत के महान कप्तानों में शुमार रहे महेंद्र सिंह धोनी आईपीएल 2025 शुरू होने के साथ ही लगातार चर्चा में हैं। उन्होंने पहले मैच में मुंबई के खिलाफ जीत के बाद एक खास इंटरव्यू में कई मुद्दों पर बातचीत की। इसी दौरान उन्होंने आईपीएल में विवादों में रहे इम्पैक्ट प्लेयर नियम को लेकर भी चुप्पी तोड़ी अपनी राय दी है।

Image

महेंद्र सिंह धोनी ने इम्पैक्ट प्लेयर नियम पर बयान दिया (Instagram)

KEY HIGHLIGHTS
  • आईपीएल का इम्पैक्ट प्लेयर नियम
  • इम्पैक्ट प्लेयर नियम पर आखिरकार धोनी भी बोले
  • एम एस धोनी ने खुलकर इस नियम पर विचार रखे

भारत के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी (MS Dhoni) जब इम्पैक्ट प्लेयर नियम (Impact Player Rule) को पहली बार इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में लागू किया गया तो वह इसकी जरूरत को लेकर पूरी तरह आश्वस्त नहीं थे लेकिन अब वह इसे टी20 क्रिकेट के विकास के एक हिस्से के रूप में देखते हैं। चेन्नई सुपर किंग्स का यह 43 वर्षीय करिश्माई क्रिकेटर हालांकि खुद को इंपैक्ट प्लेयर नहीं मानते हैं क्योंकि वह अब भी अपनी टीम के पहली पसंद के विकेटकीपर हैं।

धोनी ने जिओ स्टार से कहा, "जब पहली बार यह नियम लागू किया गया तो मुझे लगा कि वास्तव में इसकी जरूरत नहीं है। कुछ हद तक इसने मेरी मदद की और नहीं भी की। मैं अभी विकेटकीपिंग कर रहा हूं इसलिए मैं इंपैक्ट प्लेयर नहीं हूं। मुझे इसके अनुसार ही आगे बढ़ना होगा। कई लोगों का कहना है कि इस नियम के कारण बड़े स्कोर बन रहे हैं लेकिन मेरा मानना है कि खिलाड़ियों की सहज होकर खेलने से ऐसा हो रहा है।"

इस नियम की भारत के टेस्ट और वनडे कप्तान रोहित शर्मा और स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या जैसे खिलाड़ियों ने आलोचना की है। इन दोनों का मानना है कि इससे ऑल राउंडर प्रभावित हो रहे हैं क्योंकि टीम इंपैक्ट प्लेयर की भूमिका के लिए आक्रामक बल्लेबाजों को चुन रही हैं।

धोनी ने कहा कि इस नियम से टीमों को कड़ी परिस्थितियों में एक अतिरिक्त बल्लेबाज रखने का मौका मिल रहा है। उन्होंने कहा, "ऐसा नहीं है कि एक अतिरिक्त बल्लेबाज रखने के कारण बड़े स्कोर बन रहे हैं। यह मानसिकता से जुड़ा है। टीमों के पास अब एक अतिरिक्त बल्लेबाज की सुविधा है, इसलिए वे अधिक आक्रामक तरीके से खेलते हैं।"

धोनी ने कहा, "ऐसा नहीं है कि सभी चार या पांच अतिरिक्त बल्लेबाजों का उपयोग किया जा रहा है, यह सिर्फ उस बल्लेबाज के होने से मिला आत्मविश्वास है। टी20 क्रिकेट इसी तरह विकसित हुआ है।" - भाषा

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article