क्रिकेट

Vijay Hazare Trophy: विजय हजारे ट्रॉफी में बंगाल के शुरुआती मुकाबले के लिए मोहम्मद शमी को आराम, पहला मुकाबला इस टीम से

Vijay Hazare Trophy, Mohammed Shami Rest: सैयद मुश्ताब अली ट्रॉफी के खत्म होने के बाद अब विजय हजारे ट्रॉफी का 21 दिसंबर से आगाज होने जा रहा है। इसको लेकर बंगाल टीम का ऐलान हुआ। भारत के अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी को दिल्ली के खिलाफ बंगाल के विजय हजारे टॉफी के शुरुआती मुकाबले से आराम दिया गया है।

Image

कैफ के साथ मोहम्मद शमी। (फोटो- Mohammed Shami X)

Photo : Twitter

Vijay Hazare Trophy, Mohammed Shami Rest: भारत के अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी को शनिवार को हैदराबाद में दिल्ली के खिलाफ बंगाल के विजय हजारे टॉफी के शुरुआती मुकाबले में आराम दिया जायेगा। बंगाल क्रिकेट संघ (सीएबी) ने गुरुवार को यह घोषणा की। भारत के लिए अंतिम दफा 2023 वनडे विश्व कप में खेलने वाले शमी ने टखने की सर्जरी के बाद लंबे समय बाद घरेलू क्रिकेट में वापसी की थी।

वह तब से बेंगलुरु में बीसीसीआई के उत्कृष्टता केंद्र में चोट से उबर रहे थे। उन्होंने बंगाल के लिए शानदार वापसी कर सात विकेट झटके और टीम को इस रणजी ट्रॉफी सत्र में पहली जीत दिलाने में मदद की। उन्होंने हाल में समाप्त हुई सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में नौ विकेट झटके। हालांकि उनके घुटने में सूजन अब भी चिंता का विषय बनी हुई जो घरेलू टी20 प्रतियोगिता के दौरान हुई थी।

ब्रिस्बेन में ड्रॉ हुए तीसरे टेस्ट के बाद शमी की उपलब्धता के बारे में लगातार पूछे जाने पर रोहित शर्मा नाराज दिखे। उन्होंने कहा, ‘‘मुझे लगता है कि एनसीए (राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी) से किसी को उनके बारे में बात करनी चाहिए कि वह कहां रिहैबिलिटेशन कर रहे हैं। उन लोगों को ही आकर हमें कुछ अपडेट देने की जरूरत है। ’’

रोहित ने कहा, ‘‘मैं समझता हूं कि वह घर पर बहुत क्रिकेट खेल रहे हैं लेकिन उनके घुटने को लेकर भी कुछ चिंतायें हैं। हम तब तक कोई जोखिम नहीं लेंगे जब तक कि हम उनकी फिटनेस के बारे में 200 प्रतिशत सुनिश्चित नहीं हों। ’’

विजय हजारे ट्रॉफी में शमी की भागीदारी को चैंपियंस ट्रॉफी सहित आगामी अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट के लिए उनकी उपलब्धता निर्धारित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम के रूप में देखा जा रहा है। ऑस्ट्रेलिया में रिजर्व गेंदबाजों में से एक तेज गेंदबाज मुकेश कुमार भी सुदीप कुमार घरामी की अगुआई वाली बंगाल टीम का हिस्सा हैं।

(भाषा)

Shekhar Jha
शेखर झाauthor

शेखर झा टाइम्स नाउ हिंदी (Timesnowhindi.com) की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। वे मूल रूप से बिहार के मिथिलांचल से हैं। मूल रूप से बिहार के मधुबनी के रहने वाले शेखर ने शौकिया तौर पर साल 2011 में पत्रकारिता की दुनिया में कदम रखा। ये शौक वक्त के साथ जूनुन में बदल गया। उनके पास खेल पत्रकारिता का 12 साल का अनुभव है। क्रिकेट के अलावा टेनिस, कबड्डी और बैडमिंटन में खास रुचि है। खिलाड़ियों की बायोग्राफी पढ़ना उन्हें पसंद हैं। शेखर ने सुरेश रैना, संजय बांगड़, दीप्ति शर्मा, राधा यादव जैसे नामचीन भारतीय क्रिकेटरों सहित बैडमिंटन के स्टार भारतीय खिलाड़ियों लक्ष्य सेन, सात्विकसाईराज रैंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी के एक्सक्लूसिव इंटरव्यू किए हैं। शेखर की प्रारंभिक शिक्षा बिहार में हुई। बिहार बोर्ड से 12वीं की परीक्षा पास करने के बाद वो आगे की पढ़ाई के लिए छत्तीसगढ़ पहुंचे जहां उनका पत्रकारिता से पहला परिचय हुआ। रायपुर के अग्रसेन कॉलेज में ग्रेजुएशन करते हुए पत्रकारिता का काम शुरू किया और इसके बाद रायपुर स्थित कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्धालय से पत्राकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन किया और बतौर प्रोफेशनल अपने करियर की शुरुआत की। शेखर ने पत्रकारिता करियर की शुरुआत साल 2011 में ईटीवी छत्तीसगढ़/मध्यप्रदेश के साथ की। इस संस्थान में 6 महीने काम करने के बाद उन्होंने स्थानीय अखबार नेशनल लुक के साथ प्रिंट मीडिया में कदम रखा। इसके बाद राजस्थान पत्रिका समूह के छत्तीसगढ़ संस्करण से जुड़े और वहां तीन साल तक बतौर सब-एडिटर/रिपोर्टर सेवाएं दीं। इसके बाद भारत के सबसे बड़े प्रिंट मीडिया समूह दैनिक भास्कर के डीबी स्टार में रिपोर्टर की भूमिका अदा की और कई बड़े खुलासे स्थानीय स्तर पर किए। इसके बाद अपमे गृह राज्य बिहार की राजधानी पटना में दैनिक जागरण समूह के आईनेक्स्ट वेंचर से जुड़े। 8 महीने के छोटे कार्यकाल के बाद दैनिक भास्कर के रायपुर संस्करण में बतौर रिपोर्टर वापसी हुई। रायपुर में दूसरी पारी के तीन साल के कार्यकाल के सफल निर्वहन के बाद मैनेजमेंट ने भास्कर के भोपाल स्थित नेशनल न्यूजरूम में ट्रांसफर कर दिया। जहां 17 महीने स्पोर्ट्स डेस्क पर बड़े इवेंट्स पर काम किया। इस दौरान इंडियन प्रीमियर लीग, टोक्यो ओलंपिक जैसे बड़े खेल आयोजन का व्यापक कवरेज किया। भास्कर के नेशनल न्यूज रूम में डिजिटल जर्नलिज्म का ककहरा सीखने के बाद फरवरी,2023 में टाइम्स ग्रुप के साथ जुड़ने का मौका मिला। तब से वह टाइम्स नाउ नवभारत की हिंदी वेबसाइट की स्पोर्ट्स डेस्क पर बतौर प्रिंसिपल कॉरस्पान्डन्ट कार्यरत हैं। इस दौरान शेखर ने इंडियन प्रीमियर लीग, आईसीसी वर्ल्ड कप 2023 को कवर किया।

और पढ़ें
End of Article