क्रिकेट

टीम इंडिया में वापसी के लिए संघर्ष कर रहे मोहम्मद शमी ने बताया अब कहां हैं उनकी नजरें

टीम इंडिया में वापसी के लिए संघर्ष कर रहे तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ने बताया है कि उनके अंदर प्रेरणा की कोई कमी नहीं आई है और उनकी नजरें अब भी करियर में 'अगले स्तर' को हासिल करने पर लगी हुई हैं।

Image

मोहम्मद शमी और रोहित शर्मा (फोटो क्रेडिट Mohammad Shami X)

चेन्नई: मोहम्मद शमी ने मार्च 2025 के बाद से भारत के लिए कोई मैच नहीं खेला है, लेकिन इस अनुभवी तेज गेंदबाज ने गुरुवार को कहा कि उनके अंदर प्रेरणा की कोई कमी नहीं आई है और उनकी नजरें अब भी करियर में 'अगले स्तर' को हासिल करने पर लगी हुई हैं। शमी ने आखिरी टेस्ट मैच 2023 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में खेला था। उन्होंने दलीप ट्रॉफी के फाइनल के बाद कहा,'अगर आप प्रेरणा के कारण तलाशें, तो प्रेरित रहने के बहुत सारे कारण हैं। इस स्तर पर अगर आप खुद से प्रेरित नहीं होते हैं, तो आपका नजरिया ही गलत है। आप अपने करियर के किसी भी पड़ाव पर खेल रहे हों, आपकी नजरें हमेशा अगले स्तर पर होनी चाहिए।'

दलीप ट्रॉफी के फाइनल में पूर्वी क्षेत्र ने पहली पारी में बढ़त के आधार पर दक्षिण क्षेत्र को हरा दिया। शमी (36 साल) ने खिताबी मुकाबले में रविचंद्रन स्मरण और शेख रशीद के महत्वपूर्ण विकेट लेकर दक्षिण क्षेत्र के मध्यक्रम को झकझोर दिया। शमी इस बात से बेहद खुश थे कि उनके 100वें प्रथम श्रेणी मैच में ही पूर्वी क्षेत्र ने खिताबी जीत दर्ज की। उन्होंने कहा,'जहां तक संतुष्टि की बात है, अपने 100वें मैच में यह उपलब्धि हासिल करना और वो भी दलीप ट्रॉफी के फाइनल में जीत के साथ, मेरे लिए बेहद खास है। पूर्वी क्षेत्रने बहुत लंबे समय बाद यह खिताब जीता है।'

शमी ने कहा,'इस अभियान को यहां तक पहुंचाने के लिए हर एक खिलाड़ी ने अपना पूरा जोर लगा दिया। इन परिस्थितियों और इतनी गर्मी में यह उपलब्धि हासिल करना शानदार है। जहां तक मेरी बात है, चाहे यह आपका पहला मैच हो या 100वां, इससे कोई फर्क नहीं पड़ता, मेरी मेहनत और नजरिया एक समान ही रहता है।'

शमी निश्चित रूप से अपने करियर के आखिरी दौर में हैं। हालांकि, पिछले कुछ महीनों में भारतीय तेज गेंदबाजों के संघर्ष को देखते हुए प्रशंसक शमी की धारदार गेंदबाजी को एक बार फिर याद कर रहे हैं। उन्होंने कहा,'इतना प्यार और समर्थन पाकर बहुत अच्छा लगता है। मैं दिल की गहराइयों से उन सभी लोगों का आभारी हूं, जिन्होंने अब तक मेरा साथ दिया है। मेरा काम सिर्फ कड़ी मेहनत करना है, बाकी सब ऊपरवाले के हाथ में है।'

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article