क्रिकेट

संन्यास ले लेना चाहिए, मौका ना दिए जाने पर भड़के मोहम्मद कैफ

इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे और निर्णायक मुकाबले में जसप्रीत बुमराह प्लेइंग इलेवन का हिस्सा नहीं थे। ऐसे में उम्मीद थी कि कुलदीप यादव को खेलने का मौका मिलेगा। लेकिन ऐसा हुआ नहीं। इस पर पूर्व भारतीय बल्लेबाज मोहम्मद कैफ भड़क गए।

Image

कुलदीप यादव (साभार-X)

इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे और निर्णायक मुकाबले में टीम इंडिया 3 बदलाव के साथ उतरी। लॉर्ड्स के मैदान पर गिल एंड कंपनी 4 तेज गेंदबाज के साथ मैदान में उतरी। इस मुकाबले में प्रसिद्ध कृष्णा, अर्शदीप सिंह, गुरनूर ब्रार के अलावा प्रिंस यादव को खेलने का मौका मिला। सबको उम्मीद थी कि इस निर्णायक मुकाबले में कुलदीप यादव को खेलने का मौका मिलेगा, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। कुलदीप को मौका ना दिए जाने पर पूर्व भारतीय बल्लेबाज मोहम्मद कैफ ने टीम मैनेजमेंट की आलोचना की है।

संन्यास के बारे में सोचना चाहिए

मोहम्मद कैफ ने एक्स पर कुलदीप यादव के समर्थन में एक पोस्ट लिखा, जिसमें उन्होंने अपनी निराशा व्यक्त की है। उन्होंने लिखा 'कुलदीप को अब अपना बैग पैक कर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास के बारे में सोचना चाहिए। आज के मैच मे ना जसप्रीत बुमराह, ना वाशिंगटन सुंदर और ना वरुण चक्रवर्ती थे, इसके बावजूद कुलदीप को प्लेइंग इलेवन में मौका नहीं दिया गया। लॉर्ड्स के मैदान पर टीम इंडिया की गेंदबाजी लाइनअप एकतरफा थी और उसमें वेरायटी नजर नहीं आ रही। कुलदीप ने 118 वनडे मैच में 198 विकेट चटकाए हैं, लेकिन ऐसा लगता है कि अब आंकड़े कोई मायने नहीं रखते?

भारत-अफगानिस्तान सीरीज में थे कुलदीप

जून में हुए भारत-अफगानिस्तान वनडे सीरीज में कुलदीप यादव प्लेइंग इलेवन का हिस्सा थे। 3 मैच की सीरीज में उन्हें केवल एक मुकाबला खेलने का मौका मिला था। उन्होंने अपना आखिरी वनडे मुकाबला लखनऊ में खेला था, जहां उन्होंने 10 ओवर में 42 रन दिए थे और विकेटलेस रहे थे। कुलदीप के अंतरराष्ट्रीय करियर की बात करें तो वनडे में उनके नाम 194 विकेट, टेस्ट में 79 और टी20 में 95 विकेट हैं। कुलदीप पिछले 5 साल में भारत की ओर से सर्वाधिक विकेट लेने वाले गेंदबाजों में शामिल हैं। इस दौरान उन्होंने 87 विकेट चटकाए हैं जो सबसे ज्यादा है।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article