क्रिकेट

IND vs ENG: भारत की प्लेइंग 11 में कुलदीप यादव को मिलना चाहिए मौका, पूर्व क्रिकेटर ने उठाई मांग

IND vs ENG 5th Test playing XI: पूर्व विकेटकीपर-बल्लेबाज पार्थिव पटेल के मुताबिक भारत को इंग्लैंड के खिलाफ पांचवें टेस्ट के लिए अपनी गेंदबाजी लाइनअप में कुलदीप यादव को चुनने पर विचार करना चाहिए। यह मैच गुरुवार से केनिंग्टन ओवल में खेला जाना है।

Image

कुलदीप यादव (फोटो- AP)

IND vs ENG 5th Test playing XI: भारत और इंग्लैंड के बीच चल रही रोमांचक टेस्ट सीरीज अब अपने अंतिम मुकाम पर है। पांचवां और निर्णायक टेस्ट मैच 31 जुलाई से केनिंग्टन ओवल, लंदन में खेला जाना है। इस मुकाबले को लेकर पूर्व भारतीय विकेटकीपर-बल्लेबाज पार्थिव पटेल ने भारतीय टीम को अहम सलाह दी है। उनके अनुसार, भारत को इस निर्णायक मुकाबले में कुलदीप यादव को अपनी गेंदबाजी लाइनअप में शामिल करना चाहिए।

"कुलदीप में है विकेट लेने की काबिलियत" – पार्थिव पटेल

पार्थिव पटेल ने 'जियो हॉटस्टार' पर बातचीत करते हुए कहा कि भारत को टीम चयन में उसी आत्मविश्वास को दोहराना चाहिए, जैसा हालिया समय में उसकी बल्लेबाजी में दिखा है। उन्होंने कहा कि "अगर जसप्रीत बुमराह इस टेस्ट में उपलब्ध नहीं रहते हैं, तो भारत को किसी ऐसे गेंदबाज की जरूरत होगी जो आक्रामक लाइन लेंथ के साथ विकेट निकाल सके। इस नजरिए से कुलदीप यादव एक बेहतरीन विकल्प हैं, जो अपनी विविधता और टर्न के जरिए बल्लेबाजों को चकमा दे सकते हैं।"पार्थिव ने यह भी कहा कि कुलदीप को अभी तक इस लंबी टेस्ट सीरीज में कोई मौका नहीं मिला है, जबकि उनकी शैली और अनुभव ओवल जैसी पिच पर भारत के लिए निर्णायक हो सकते हैं।

जसप्रीत बुमराह के बाहर रहने की संभावना, सिराज होंगे लीड पेसर

रिपोर्ट्स के अनुसार, तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह वर्कलोड मैनेजमेंट के चलते पांचवें टेस्ट से बाहर रह सकते हैं। इस स्थिति में भारत की तेज गेंदबाजी की जिम्मेदारी मोहम्मद सिराज पर होगी, जो इस सीरीज के सभी चार टेस्ट मैचों में खेल चुके हैं।पार्थिव पटेल ने सिराज की प्रशंसा करते हुए कहा कि"हम अक्सर मोहम्मद सिराज की मेहनत को हल्के में ले लेते हैं। जिस जुनून और ऊर्जा के साथ वह गेंदबाजी करते हैं, वह काबिल-ए-तारीफ है। चाहे मैच की स्थिति कैसी भी हो, उनके चेहरे पर मुस्कान और टीम के लिए 100% देने की प्रतिबद्धता साफ नजर आती है।"

बुमराह की वापसी पर संशय, लेकिन उम्मीदें कायम

पार्थिव ने आगे कहा कि वह बुमराह को अंतिम टेस्ट में खेलते देखना चाहेंगे, लेकिन इस पर फैसला फिटनेस और रिकवरी की स्थिति पर निर्भर करेगा। उन्होंने कहा,"हम सभी जानते हैं कि बुमराह का वर्कलोड मैनेजमेंट बेहद संवेदनशील ढंग से किया जाता है। सीरीज से पहले ही प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा गया था कि वह सिर्फ तीन टेस्ट खेलेंगे। ऐसे में पांचवें टेस्ट में उनकी उपलब्धता पर स्थिति अभी स्पष्ट नहीं है।"पार्थिव ने उम्मीद जताई कि सहयोगी स्टाफ और मेडिकल टीम बुमराह को समय रहते फिट करने में सफल हो सकती है ताकि वह निर्णायक टेस्ट में टीम की मदद कर सकें।

भारत को जीत की दरकार, टीम चयन होगा अहम

भारत इस समय सीरीज में 1-2 से पीछे है। ऐसे में अगर उसे श्रृंखला बराबर करनी है, तो पांचवां टेस्ट जीतना जरूरी होगा। इस मुकाबले के लिए टीम संयोजन और गेंदबाजी आक्रमण की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण होगी। पार्थिव पटेल के अनुसार, कुलदीप जैसे विकेट लेने वाले गेंदबाज को मौका देने से टीम की संभावनाएं मजबूत हो सकती हैं।

SIddharth Sharma
SIddharth Sharma author

सिद्धार्थ शर्मा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के स्पोर्ट्स डेस्क से जुड़े हैं। सिद्धार्थ को बचपन से ही खेलों, खासकर क्रिकेट में गहरी रुचि रही है और इसी जुनून ने उन्हें स्पोर्ट्स जर्नलिज्म की ओर खींचा। वह खिलाड़ियों के रिकॉर्ड्स और स्पोर्ट्स एनालिसिस पर मजबूत पकड़ रखते हैं। अबतक 4,000 से अधिक आर्टिकल लिख चुके सिद्धार्थ अपनी स्टोरीज को सरल, सटीक और रोचक अंदाज में प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रहती है कि पाठकों तक तेजी से, सही समय पर और विश्वसनीय स्पोर्ट्स अपडेट्स पहुंचें।

और पढ़ें
End of Article