टी-ब्रेक के फौरन बाद केएल राहुल 77 रन की पारी खेलकर रिटायर्ड हर्ट हो गए। लौटने से पहले राहुल और देवदत्त पडिक्कल ने दूसरे विकेट के लिए 150 रन की साझेदारी कर टीम इंडिया को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया था। भारत को पहला झटका 47 रन के स्कोर पर लगा था जब टीम का स्कोर 47 रन था तब यशस्वी जायसवाल रन आउट हो गए थे। श्रीलंका के पास वापसी का मौका था, लेकिन इनफॉर्म देवदत्त पडिक्कल ने राहुल के साथ साझेदारी कर टीम इंडिया को मुश्किल स्थिति से बाहर निकाल लिया।
जब ऐसा लग रहा था कि दोनों की यह साझेदारी खतरनाक होते जा रही है तो पहले ही इंजरी से जूझ रही टीम इंडिया को एक और झटका लगा। केएल राहुल दाएं हाथ में दर्द की शिकायत कर रहे थे। फिजियो ने राहुल का उपचार किया और कोशिश की कि वह बल्लेबाजी जारी रख पाएं, लेकिन ऐसा नहीं हो पाया। नतीजा उन्हें मैदान से बाहर जाना पड़ा। ड्रेसिंग रूम में पहुंचने के बाद भी उन्हें प्राथमिक उपचार किया गया लेकिन वह दर्द से कराह रहे थे।
127 गेंद में अर्धशतक
केएल राहुल ने 127 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा किया। सपाट और बल्लेबाजी के लिए आसान पिच होने के बावजूद उन्होंने बेहद संयमित अंदाज में बल्लेबाजी जारी रखी और अपने आक्रामक शॉट्स की झलक बहुत कम दिखाई। वह शुरुआत में तेज गेंदबाज लाहिरू कुमारा के खिलाफ थोड़ा असहज नजर आए। उनकी गेंद पर राहुल का बल्ला चूका और एक किनारा भी लगा लेकिन गेंद गली के क्षेत्ररक्षक के सामने ही गिर गई। इस गेंदबाज के खिलाफ राहुल के शानदार पुल शॉट से चौका मिलने के बाद उनका आत्मविश्वास बढ़ता नजर आया, नतीजा उन्होंने अपने टेस्ट करियर का 21वां अर्धशतक जड़ा।वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप में वह भारत के सबसे सफल बल्लेबाज हैं। 2025 के बाद से केएल राहुल बतौर ओपनर टेस्ट क्रिकेट में अब तक 990 रन बना चुके हैं और वह 900 या इससे ज्यादा रन बनाने वाले पहले भारतीय बल्लेबाज बन चुके हैं। इससे पहले भारत के कप्तान शुभमन गिल ने टॉस जीता और पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया।
