लंदन: टीम इंडिया के अनुभवी सलामी बल्लेबाज केएल राहुल का इंग्लैंड दौरे पर टेस्ट सीरीज में शानदार प्रदर्शन लॉर्ड्स में खेले जा रहे सीरीज के तीसरे टेस्ट में भी जारी रहा। इंग्लैंड के 387 रन के जवाब में खेलने उतरी टीम इंडिया ने 107 रन पर 3 विकेट गंवा दिए थे ऐसे में केएल राहुल ने ऋषभ पंत के साथ मोर्चा संभाला और चौथे विकेट के लिए 141 रन की साझेदारी करके टीम को 248 रन तक पहुंचा दिया। इस स्कोर पर पंत के रन आउट होने के बाद राहुल पिच पर टिके रहे और तीसरे दिन लंच के बाद अपना शतक 177 गेंद में पूरा कर लिया। उन्होंने अपनी शतकीय पारी में 13 चौके जड़े।राहुल का यह लॉर्ड्स में लगातार दूसरा और करियर का 10वां टेस्ट शतक है। इसके साथ ही राहुल लॉर्ड्स में दो शतक जड़ने वाले पहले भारतीय ओपनर बन गए। इससे पहले साल 2021 में उन्होंने इस मैदान पर 129 रन की पारी खेली थी। राहुल लॉर्ड्स के ऐतिहासिक मैदान पर दो या दो से ज्यादा शतक जड़ने वाले दुनिया के 12वें और दूसरे भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं।
वेंसरकर के बाद पहुंचे दूसरे पायदान पर
राहुल दिलीप वेंसरकर के बाद लॉर्ड्स के ऐतिहासिक मैदान पर सबसे ज्यादा शतक जड़ने के मामले में दूसरे पायदान पर पहुंच गए हैं। वेंसरकर ने इस मैदान पर टेस्ट करियर में तीन शतक जड़े हैं। साल 1979 में वेंसरकर ने लॉर्ड्स में 103 रन की पारी खेली थी। साल 1982 में 157 रन की पारी उन्होंने लॉर्ड्स में खेली थी। इसके बाद साल 1986 में वेंसरकर ने 126* रन की पारी खेलकर लॉर्ड्स में शतकों की हैट्रिक पूरी करने में सफर हुए थे। वेंसरकर ने लॉर्ड्स में चार टेस्ट खेले जिसकी 8 पारियों में उन्होंने 3 शतक और दो अर्धशतक की मदद से 462 रन 66 के औसत से बनाए। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 157 रहा था। वेंसरकर ने लॉर्ड्स में अपने तीन में से दो शतक दूसरी पारी में जड़े थे।
लॉर्ड्स में ऐसा रहा है राहुल का प्रदर्शन
केएल राहुल का यह लॉर्ड्स के मैदान पर यह तीसरा टेस्ट है। साल 2018 में पहली बार खेलते हुए राहुल लॉर्ड्स में 8 और 10 रन बना सके थे। लेकिन साल 2021 में अपने दूसरे प्रयास में वो शतक जड़ने(129 और 5) में सफल रहे। तीसरे प्रयास में भी वो तीन अंक के आंकड़े को छूने में सफल रहे। राहुल अबतक लॉर्ड्स में खेले तीन टेस्ट की 5 पारियों में 50.4 के औसत से 252 रन बना चुके हैं। जिसमें दो शतक शामिल हैं।
इंग्लैंड में चार टेस्ट शतक जड़ने वाले पहले भारतीय ओपनर
केएल राहुल इंग्लैंड की धरती पर इंग्लैंड के खिलाफ चार टेस्ट शतक जड़ने वाले पहले भारतीय ओपनर बन गए हैं। राहुल इंग्लैंड में लॉर्ड्स, लीड्स और ओवल में शतक जड़े हैं। उन्होंने अबतक करियर में 10 टेस्ट शतक जड़े हैं। जिसमें से एक शतक भारत में और बाकी के 9 विदेश में आए हैं। जिसमें से 4 इंग्लैंड में, 2 दक्षिण अफ्रीका, एक-एक ऑस्ट्रेलिया, श्रीलंका और वेस्टइंडीज में उनके बल्ले से निकले हैं। राहुल ने भारत में एकमात्र शतक चेन्नई में जड़ा है जिसमें वो 199 रन बनाकर आउट हुए थे।
