पुणे: भारत और इंग्लैंड के बीच शुक्रवार को पुणे के महाराष्ट्र क्रिकेट एसोसिएशन मैदान पर खेले गए चौथे टी20 मुकाबले में भारतीय टीम ने 15 रन के अंतर से जीत दर्ज करके सीरीज अपने नाम कर ली। भारतीय टीम ने मैच में टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 9 विकेट पर 181 रन का स्कोर खड़ा किया था। जिसके जवाब में इंग्लैंड की टीम 19.4 ओवर में 166 रन बनाकर ढेर हो गई। मैच में भारत के लिए सबसे ज्यादा 3 विकेट बतौर कन्कशन सब्स्टीट्यूट मैदान में उतरने वाले हर्षित राणा ने लिए। उन्होंने बीच के ओवरों में शानदार गेंदबाजी से मैच का रुख पलट दिया। लेकिन उनका बतौर कन्कशन सब्स्टीट्यूट खेलना सवालों के घेरे में रहा।
नहीं था लाइक टू लाइक सब्स्टीट्यूशन
मैच के बाद इंग्लैंड के कप्तान से प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान जब इस बारे में सवाल पूछा गया तो बटलर ने चुटकी लेते हुए जवाब दिया। बटलर ने कहा, 'ये लाइक टू लाइक रिप्लेसमेंट नहीं था। हम इस बात से सहमत नहीं हैं।' इसके बाद उन्होंने चुटकीले अंदाज में कहा, ये ऐसा है कि शिवम दुबे की गेंद की रफ्तार में 25 मील प्रतिघंटे की बढ़ोत्तरी हो गई है या हर्षित राणा ने अपनी बैटिंग में बहुत सुधार कर लिया है।' अंत में बटलर ने कहा, ये सब मैच का हिस्सा है। अंत में हमें मैच जीतना चाहिए था जो नहीं हो सका।'
राणा ने पलटी भारत के पक्ष में बाजी
शिवम दुबे ने भारत के लिए 34 गेंद में 53 रन की अहम पारी खेली और टीम को 181 रन तक पहुंचाने में अहम भुमिका अदा की। बल्लेबाजी करते हुए 20वें ओवर की पांचवीं गेंद उनके हेलमेट पर लगी थी। बगैर कन्कशन टेस्ट के उन्होंने मैच की अंतिम बॉल खेली और रन आउट होकर पवेलियन वापस लौट गए। इसके बाद मैदान पर वो नहीं उतरे। राणा ने उनकी जगह फील्डिंग की और बाद में गेंदबाजी करते हुए मैच का रुख भी पलटा। उन्होंने 4 ओवर में 33 रन देकर 3 विकेट चटकाए। राणा ने लियाम लिविंगस्टोन, जैकब बैथल और जैमी ओवरटन का शिकार करके मैच में भारतीय टीम को वापस लौटा दिया।
दूसरे ओवर में ही गंभीर ने राणा को दे दिया था संदेश
हर्षित राणा अंतरराष्ट्रीय टी20 इतिहास में बतौर कन्कशन सब्स्टीट्यूट डेब्यू करने वाले पहले खिलाड़ी बने। राणा ने मैच में टीम इंडिया की जीत के बाद बताया कि गौतम गंभीर ने उन्हें इंग्लैंड की पारी के दूसरे ओवर में ही बता दिया था कि वो बतौर कन्कशन सब्स्टीट्यूट मैदान में उतरने जा रहे हैं। हालांकि इस बात की आधिकारिक तौर पर पुष्टी 11वे ओवर के बाद हुई और हर्षित गेंदबाजी के लिए उतरे और दूसरी ही गेंद पर लिविंगस्टोन को चलता कर दिया। इसके बाद मैच के दौरान इस मुद्दे पर लगातार चर्चा होती रही। हालांकि प्रेजेंटेशन के दौरान मुरली कार्तिक ने दोनों कप्तानों से इस बारे में कोई सवाल नहीं पूछा। लेकिन प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान बटलर का सामना इस सवाल से हुआ और उन्होंने चुटकी लेते हुए इसे अप्रत्यक्ष रूप से चीटिंग करार दे दिया।
