क्रिकेट

IND vs ENG: मैनचेस्टर टेस्ट से पहले टीम इंडिया के लिए खुशखबरी, नंबर 1 तेज गेंदबाज का मिल सकता है साथ

Will Jasprit Bumrah play Manchester Test: इंग्लैंड के खिलाफ खेले जाने वाली चौथे टेस्ट मैच से पहले भारतीय क्रिकेट टीम के लिए एक खुशखबरी सामने आई है। दरअसल टीम के तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह के खेलने को लेकर एक अच्छा अपडेट सामने आ गया है जिससे फैंस को खुशी मिल सकती है।

Image

जसप्रीत बुमराह (फोटो- AP)

Will Jasprit Bumrah play Manchester Test: भारत इस समय इंग्लैंड के खिलाफ पांच टेस्ट मैचों की सीरीज में 1-2 से पीछे चल रहा है। लॉर्ड्स टेस्ट में मिली 22 रनों की करारी हार के बाद टीम इंडिया अब 23 जुलाई (बुधवार) से मैनचेस्टर में होने वाले चौथे टेस्ट में वापसी की उम्मीद करेगी। यह मुकाबला भारत के लिए ‘करो या मरो’ जैसा होगा क्योंकि हार की स्थिति में इंग्लैंड सीरीज पर कब्जा जमा लेगा। ऐसे में सभी की निगाहें जसप्रीत बुमराह और ऋषभ पंत की उपलब्धता पर टिकी हुई थीं।

बुमराह खेलेंगे चौथा टेस्ट, टीम को राहत

स्काई स्पोर्ट्स की एक रिपोर्ट के मुताबिक, तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह मैनचेस्टर में होने वाले चौथे टेस्ट के लिए उपलब्ध रहेंगे। सीरीज की शुरुआत से पहले बुमराह ने बताया था कि वह अपने वर्कलोड को देखते हुए केवल तीन टेस्ट खेलेंगे। उन्होंने बर्मिंघम में दूसरा टेस्ट नहीं खेला था।

बुमराह पूरे सीरीज में शानदार फॉर्म में रहे हैं। पहले टेस्ट की पहली पारी में उन्होंने पांच विकेट झटके थे, जबकि लॉर्ड्स टेस्ट में उन्होंने कुल 7 विकेट लिए जिसमें एक और फाइव-फर शामिल था। दो टेस्ट में उनके नाम 12 विकेट हैं। बुमराह की वापसी से भारतीय गेंदबाजी आक्रमण को मजबूती मिलेगी।

ऋषभ पंत भी होंगे फिट, कप्तान गिल ने की पुष्टि

लॉर्ड्स टेस्ट के पहले इनिंग में विकेटकीपिंग करते समय ऋषभ पंत को उंगली में चोट लग गई थी, जिसके बाद वह आगे के मैच में कीपिंग नहीं कर पाए। उनकी जगह ध्रुव जुरेल ने विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी संभाली।हालांकि, स्काई स्पोर्ट्स की रिपोर्ट के अनुसार, पंत अब पूरी तरह फिट हैं और मैनचेस्टर टेस्ट के लिए चयन के लिए उपलब्ध रहेंगे। कप्तान शुभमन गिल ने भी तीसरे टेस्ट के बाद पंत की फिटनेस को लेकर अपडेट देते हुए कहा कि 'ऋषभ स्कैन के लिए गए थे। कोई बड़ी चोट नहीं है, इसलिए वह मैनचेस्टर टेस्ट के लिए उपलब्ध रहेंगे।'

भारत के लिए अब सीरीज में वापसी का अंतिम मौका

इंग्लैंड इस समय 2-1 से सीरीज में आगे है। अगर भारत चौथा टेस्ट हारता है, तो इंग्लैंड 3-1 की अजेय बढ़त के साथ सीरीज अपने नाम कर लेगा। ऐसे में भारत के लिए यह मुकाबला बेहद अहम हो जाता है। बुमराह और पंत की वापसी टीम को नई ऊर्जा दे सकती है।टीम मैनेजमेंट अब संभावित बदलावों पर भी विचार कर सकता है, जिससे एक मजबूत प्लेइंग इलेवन मैदान में उतर सके। भारत को अपने शीर्ष क्रम से लेकर गेंदबाजी तक सभी विभागों में बेहतर प्रदर्शन करना होगा ताकि सीरीज को 2-2 से बराबरी पर लाया जा सके।

SIddharth Sharma
SIddharth Sharma author

सिद्धार्थ शर्मा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के स्पोर्ट्स डेस्क से जुड़े हैं। सिद्धार्थ को बचपन से ही खेलों, खासकर क्रिकेट में गहरी रुचि रही है और इसी जुनून ने उन्हें स्पोर्ट्स जर्नलिज्म की ओर खींचा। वह खिलाड़ियों के रिकॉर्ड्स और स्पोर्ट्स एनालिसिस पर मजबूत पकड़ रखते हैं। अबतक 4,000 से अधिक आर्टिकल लिख चुके सिद्धार्थ अपनी स्टोरीज को सरल, सटीक और रोचक अंदाज में प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रहती है कि पाठकों तक तेजी से, सही समय पर और विश्वसनीय स्पोर्ट्स अपडेट्स पहुंचें।

और पढ़ें
End of Article