क्रिकेट

IND vs ENG: अजीब लगता है, तेंदुलकर के साथ ट्रॉफी के नाम पर क्या बोले जेम्स एंडरसन

IND vs ENG: जेम्स एंडरसन ने पहली बार भारत-इंग्लैंड सीरीज के नए नाम पर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने बताया है कि सचिन के साथ खुद का नाम देखकर थोड़ा अजीब लगता है। वह महान क्रिकेटर हैं और उनके साथ नाम होना सम्मान की बात है।

Image

सचिन तेंदुलकर और जेम्स एंडरसन (साभार-X)

IND vs ENG: भारत-इंग्लैंड के बीच टेस्ट सीरीज इस बार नए नाम एंडरसन-तेंदुलकर के साथ खेला जा रहा है, जिसमें टीम इंडिया फिलहाल 1-2 से पीछे चल रही है। अब तक यह सीरीज पटौदी ट्रॉफी के नाम से जाना जाता था। जब इसका नाम बदला गया था तो सुनील गावस्कर सहित कई पूर्व क्रिकेटरों ने इस पर तीखी प्रतिक्रिया दी थी। गावस्कर ने तो नए नाम पर भी सवाल खड़े किए थे और कहा था कि इसे एंडरसन-तेंदुलकर ट्रॉफी के बदलने तेंदुलकर-एंडरसन ट्रॉफी कहा जाना चाहिए। इसके लिए उन्होंने कारण भी बताए थे। गावस्कर का मानना है कि सचिन की उपलब्धियां कई मायनों में एंडरसन से ज्यादा बड़ी हैं। एंडरसन ने ज्यादातर विकेट अपने घर पर लिए हैं जबकि सचिन के मामले में यह ठीक इसके उलट है।

अब इसपर पहली बार जेम्स एंडरसन की प्रतिक्रिया सामने आई है। इंग्लैंड के महान तेज गेंदबाज जेम्स एंडरसन ने स्वीकार किया कि सचिन तेंदुलकर के साथ ट्रॉफी पर अपना नाम देखकर वह अजीब महसूस करते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि दुनिया के महानतम क्रिकेटरों में से एक के साथ अपना नाम होना बहुत बड़ा सम्मान है।

एंडरसन ने स्काई स्पोटर्स से बातचीत करते हुए कहा,‘‘ यह जरूरी नहीं कि आपके नाम पर ट्रॉफी का होना कितना बड़ा है, बल्कि यह भी महत्वपूर्ण है कि आपके नाम के साथ सचिन तेंदुलकर का नाम है, जो मेरे लिए अब तक के सबसे महान क्रिकेटरों में से एक हैं।’’ उन्होंने कहा,‘‘ मैं ट्रॉफी पर अपने साथ उनका नाम देखता हूं तो बड़ा अजीब लगता है। मैं उनका काफी सम्मान करता हूं। मैने बचपन से उन्हें देखा है और उनके खिलाफ खेला है। वह इतने महान क्रिकेटर रहे हैं जिन्होंने पूरे देश की उम्मीदों का बोझ अपने पूरे करियर में उठाया है। उनके साथ इस तरह का कुछ साझा करना बहुत बड़ा सम्मान है।’’

तेंदुलकर ने 200 और एंडरसन ने 188 टेस्ट खेले हैं। पिछले साल क्रिकेट को अलविदा कहने वाले एंडरसन ने 704 विकेट लिये हैं जो किसी तेज गेंदबाज द्वारा टेस्ट में लिया गया सर्वाधिक विकेट है। वहीं सबसे ज्यादा रन बनाने का श्रेय सचिन के नाम है। 200 टेस्ट में सचिन के नाम 15,921 रन बनाए हैं।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article