भारतीय टेस्ट टीम के शानदार विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋषभ पंत (Rishabh Pant) सबको चौंकाने का कोई मौका नहीं छोड़ते। वो अपने क्रिकेट कौशल व अभ्यास को एक दिन के लिए भी आराम नहीं देना चाहते। न्यूजीलैंड के खिलाफ भारत के दूसरे टेस्ट मैच से पहले पंत ने खुद को खेल के संपर्क में रखने का एक अनोखा तरीका निकाला। उन्होंने क्राइस्टचर्च में एक लोकल क्रिकेट मैच में हिस्सा लिया, जिससे वहां मौजूद कुछ भाग्यशाली लोगों को एक सक्रिय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर के साथ मैदान साझा करने और उनकी तूफानी बल्लेबाजी का अनुभव लेने का एक यादगार मौका मिल गया।
'ओपन हाउस स्विंगर्स' (Open House Swingers) टीम के सदस्यों से अचानक मुलाकात के बाद, बुधवार को ऋषभ पंत ने हेगली पार्क में 'लास्ट मैन स्टैंड्स' (Last Man Stands) के एक मैच में हिस्सा लिया।
21 गेंदों में जड़ा अर्धशतक
ये टीम 'द चोज़न वन्स' (The Chosen Ones) के खिलाफ खेल रही थी। यह मैच हेगली ओवल के ठीक बगल में हो रहा था, जहां पंत को न्यूजीलैंड के खिलाफ भारत के लिए दूसरा टेस्ट मैच खेलना है। स्कोरकार्ड पर 'स्टैन स्टैन' (Stan Stan) जैसे साधारण नाम से खेलने वाले पंत ने सिर्फ 21 गेंदों में 54 रन बनाकर अपने न्यूजीलैंड दौरे में एक और रोमांचक अध्याय जोड़ दिया। लेकिन उनके इस अचानक वहां पहुंचने के पीछे की कहानी भी काफी मजेदार है।
पंत कैसे पहुंच गए लोकल मैच खेलने?
'ओपन हाउस स्विंगर्स' के मोहम्मद सफी ने 'न्यूजीलैंड हेराल्ड' को बताया कि क्राइस्टचर्च के बीचों-बीच ऋषभ पंत को इलेक्ट्रिक बाइक चलाते हुए देखकर, वे उनके पास गए। सफी ने कहा, "मैंने ऋषभ को इलेक्ट्रिक बाइक पर घूमते हुए देखा। इसलिए मैं उनके पास गया और उन्हें रोका। हमने बातचीत की, कुछ तस्वीरें लीं और फिर मैंने उनसे पूछा कि क्या आप हमारी टीम के लिए क्रिकेट खेलना चाहेंगे? उन्होंने कहा, 'ठीक है, मैं आऊंगा और आप लोगों के लिए खेलूंगा।' फिर वे आए, पैड पहने, बल्लेबाजी करने गए और कुछ शानदार छक्के लगाए।"
भारतीय कोचिंग स्टाफ भी रह गया हैरान
ऋषभ पंत के इस अचानक क्रिकेट दौरे की खबर से भारतीय कोचिंग स्टाफ भी हैरान रह गया। बॉलिंग कोच मोर्ने मोर्केल ने माना कि उन्हें यह जानकर हैरानी हुई। मोर्केल ने कहा, "कल रात जब मैंने यह देखा, तो मैं लगभग अपनी कुर्सी से गिर ही गया था।"
न्यूजीलैंड के कप्तान टॉम लैथम, पंत के इस कदम और स्थानीय क्रिकेट माहौल का हिस्सा बनने की उनकी इच्छा से काफी प्रभावित हुए। पंत के बारे में बात करते हुए लैथम ने कहा, "बहुत बढ़िया। वह सच में खेल के एक दिलचस्प किरदार हैं। ऋषभ का LMS टीमों के साथ अपना अनुभव साझा करना वाकई शानदार है।"
साफी का कहना है कि पंत के नीले ट्रैकसूट की वजह से वे आसानी से पहचाने नहीं गए, और विरोधी टीम को पता ही नहीं चला कि वे अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के सबसे बड़े सितारों में से एक के साथ खेल रहे हैं।
