क्रिकेट

CSK 2026: चेन्नई कर सकती है आईपीएल का सबसे बड़ा ट्रेड, हो सकती है इन खिलाड़ियों की अदला-बदली

CSK 2026: चेन्नई सुपर किंग्स आईपीएल 2026 से पहले बड़ा ट्रेड कर सकती है। रिपोर्ट की मानें तो राजस्थान रॉयल्स के कप्तान संजू सैमसन का सीएसके में जाना तय है। इसके बदले रवींद्र जडेजा और सैम करन को दिया जा सकता है।

Image

आईपीएल ट्रेड राजस्थान और चेन्नई (साभार-x)

CSK 2026: इंडियन प्रीमियर लीग 2026 (ipl 2026) में संजू सैमसन के लिए सीएसके अपने सबसे सफल खिलाड़ियों में से एक रवींद्र जडेजा को सौंपने के लिए तैयार है। इसके अलावा, सीएसके ऑलराउंडर सैम करन को भी आरआर को दे सकती है। ईएसपीएनक्रिकइन्फो की एक रिपोर्ट के अनुसार, सीएसके सैमसन को अपने साथ जोड़ सकती है। इसके लिए टीम अपने दो प्रमुख खिलाड़ियों (जडेजा और करन) को दे सकती है। रॉयल्स और सुपर किंग्स दोनों के बीच इन तीनों खिलाड़ियों को लेकर बातचीत हुई है।

रिपोर्ट के अनुसार, दोनों फ्रैंचाइजी ने आईपीएल गवर्निंग काउंसिल को तीन खिलाड़ियों के नाम बताते हुए एक पत्र भेजा है। ट्रेडिंग नियमों के अनुसार, फ्रैंचाइजी अंतिम समझौते के लिए आगे की बातचीत तभी शुरू कर सकती हैं जब खिलाड़ियों की लिखित सहमति मिल जाए। संजू सैमसन राजस्थान रॉयल्स के लिए 11 सीजन खेल चुके हैं। एक रिपोर्ट के मुताबिक आईपीएल 2025 के बाद उन्होंने आरआर मैनेजमेंट से टीम छोड़ने की इच्छा जाहिर की थी। इसके बाद से ही सैमसन के सीएसके में शामिल होने की चर्चा जोरों पर है।

धोनी के विकल्प के तौर पर देख रही है सीएसके

सीएसके के कप्तान धोनी 44 साल के हो चुके हैं। उनका आईपीएल करियर अब समाप्ति के करीब है। ऐसे में सीएसके को एक ऐसा खिलाड़ी चाहिए, जो बतौर कप्तान, विकेटकीपर और बल्लेबाज के रूप में अपनी उपयोगिता साबित कर चुका हो। टीम ने ऋतुराज गायकवाड़ को धोनी की जगह कप्तान बनाया था, लेकिन वे इस भूमिका में सही सफल नहीं हो पाए थे। ऐसे में सीएसके को संजू सैमसन के रूप में धोनी का एक बेहतरीन विकल्प दिख रहा है। यही सैमसन बतौर कप्तान और बल्लेबाज आईपीएल में अपनी क्षमता साबित कर चुके हैं। वहीं अंतर्राष्ट्रीय टी20 में भी उन्होंने अपनी बल्लेबाजी से फैंस को रोमांचित किया है। देश-विदेश में उनकी लोकप्रियता है। इसलिए आईपीएल 2026 में अगर वे पीली जर्सी में दिखें, तो हैरानी नहीं होनी चाहिए।

रवींद्र जडेजा को ट्रेड करना आसान नहीं

आईपीएल 2025 में संजू सैमसन और आरआर मैनेजमेंट के बीच मतभेद की खबरें आई थीं। वहीं सीएसके के लिए रवींद्र जडेजा और करन को आरआर को सौंपना आसान नहीं होगा, खासकर जडेजा को। जडेजा टीम के लिए बेहद मूल्यवान खिलाड़ी रहे हैं। 2023 का आईपीएल उन्होंने सीएसके को आखिरी 2 गेंद पर 10 रन बनाकर जिताया था। इसके अलावा टीम के लिए गेंद और बल्ले से उनका योगदान शानदार रहा है। लेकिन, दिसंबर में 37 साल के होने वाले जडेजा का करियर भी लंबा नहीं है। ऐसे में भविष्य को देखते हुए सीएसके सैमसन के लिए जडेजा को आरआर को सौंप सकती है।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article