क्रिकेट

IPL 2025 के दौरान खुद को इस क्रम में बड़ी छाप छोड़ना चाहते हैं श्रेयस अय्यर

श्रेयस अय्यर आगामी आईपीएल में पंजाब किंग्स की कमान संभालते हुए खुद को बल्लेबाजी करते हुए इस पायदान पर स्थापित करना चाहते हैं।

Image

श्रेयस अय्यर

Photo : AP

चंडीगढ़: चैंपियंस ट्रॉफी में चौथे नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए भारत की जीत में अहम भूमिका निभाने वाले श्रेयस अय्यर इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के इस सत्र में तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए अपनी विशिष्ट छाप छोड़ना चाहते हैं। श्रेयस अभी भारत की टी20 टीम का हिस्सा नहीं हैं लेकिन वह आईपीएल में पंजाब किंग्स की तरफ से खेलते हुए अच्छा प्रदर्शन करके राष्ट्रीय टीम में वापसी का मार्ग प्रशस्त करना चाहते हैं।

तीसरे नंबर पर खुद को स्थापित करना चाहते हैं अय्यर

कोलकाता नाइट राइडर्स ने पिछले सत्र में अय्यर की कप्तानी में खिताब जीता था। अय्यर ने तब मध्यक्रम में बल्लेबाजी की थी। अय्यर ने पंजाब किंग्स के मुख्य कोच रिकी पॉन्टिंग के साथ मीडिया से बातचीत करते हुए कहा, 'हम सभी जानते हैं कि आईपीएल भारतीय क्रिकेट का अभिन्न अंग है और अगर मैं टी20 में किसी एक स्थान पर खुद को स्थापित करना चाहूंगा तो वह तीसरा नंबर होगा। मेरा ध्यान इसी पर है। मैं यह नहीं कहूंगा कि हम इसको लेकर कोई योजना बना रहे हैं कि मुझे किस नंबर पर बल्लेबाजी करनी है। इस बार मैं बल्लेबाजी क्रम में अपने नंबर को लेकर स्पष्ट हूं और जब तक कोच का मुझे समर्थन मिलता रहेगा मैं उस नंबर पर ध्यान केंद्रित रखूंगा।'

अय्यर के साथ काम करने को लेकर उत्साहित हैं पॉन्टिंग

पॉन्टिंग ने अय्यर की जमकर प्रशंसा करते हुए कहा कि वह इस भारतीय खिलाड़ी के साथ फिर से काम करने को लेकर उत्सुक हैं। ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान ने कहा,'मैं श्रेयस के साथ दोबारा काम करने के लिए बेताब था। लंबे समय तक दिल्ली में हमारे बीच बहुत अच्छे कामकाजी रिश्ते रहे। वह उन सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों में से एक हैं जिनके साथ मैंने काम किया है।'

25 मार्च को अपना पहला मुकाबला खेलेगा पंजाब

उन्होंने कहा,'वह बहुत अच्छा इंसान है और आईपीएल विजेता कप्तान है। आपको इससे ज्यादा और क्या चाहिए। वह कुछ दिन पहले ही टीम से जुड़ा है और एक कप्तान के रूप में टीम पर अपनी छाप छोड़ना चाहता है।' पंजाब किंग्स अपना पहला मैच 25 मार्च को अहमदाबाद में गुजरात टाइटंस के खिलाफ खेलेगा।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article