क्रिकेट

RR vs SRH Preview: राजस्थान के खिलाफ जीत के दावेदार के रूप में शुरुआत करेगा हैदराबाद, मैच से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी यहां देखें

IPL 2025, RR vs SRH Preview: आईपीएल 2025 के दूसरे मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच मुकाबला खेला जाएगा। यह मुकाबला हैदराबाद के होम ग्राउंड में खेला जाएगा। इस मुकाबले में दोनों टीमों की नजर जीत पर है।

Image

सनराइजर्स हैदराबाद टीम के खिलाड़ी। (फोटो- IPL/BCCI)

IPL 2025, RR vs SRH Preview: अपनी दमदार बल्लेबाजी और अनुभवी गेंदबाजों की उपस्थिति में सनराइजर्स हैदराबाद रविवार को राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ होने वाले इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के मैच में जीत के प्रबल दावेदार के रूप में शुरुआत करेगा। सनराइजर्स के पास दुनिया के सबसे विस्फोटक बल्लेबाज हैं। इनमें ट्रैविस हेड, अभिषेक शर्मा, इशान किशन और हेनरिक क्लासेन शामिल हैं जो किसी भी तरह के आक्रमण की बखिया उधेड़ सकते हैं।

अगर कोई टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए 300 रन के जादुई आंकड़े को छू सकती है तो वह सनराइजर्स की टीम है और उसके बल्लेबाज इस सत्र में इस मुकाम को हासिल करने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ेंगे। नीतीश कुमार रेड्डी के चोट से उबर कर वापसी करने से सनराइजर्स की बल्लेबाजी को और मजबूती मिली है लेकिन सभी की निगाह अभिषेक और हेड की सलामी जोड़ी पर टिकी रहेंगी जो अभी बहुत अच्छी फॉर्म में चल रहे हैं।

अभिषेक ने फरवरी में इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज के दौरान अंतिम टी20 मैच में 54 गेंद पर 135 रन की आक्रामक पारी खेली थी और वह अपना यह प्रदर्शन आईपीएल में भी जारी रखने की कोशिश करेंगे। राजस्थान रॉयल्स के गेंदबाजी विभाग में जोफ्रा आर्चर को छोड़कर कोई बड़ा नाम नहीं है और ऐसे में उसके लिए सनराइजर्स के बल्लेबाजों पर लगाम कसना सबसे बड़ी चुनौती होगी।

सनराइजर्स की टीम ने पिछले सत्र में तीन बार 250 रन से अधिक का स्कोर बनाया था। उसने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ 287, मुंबई इंडियंस के खिलाफ 277 और दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ 266 रन बनाए थे। राजस्थान के खिलाफ अगर सनराइजर्स को पहले बल्लेबाजी का मौका मिलता है तो वह फिर से 250 से अधिक रन का स्कोर बनाने की कोशिश करेगा। सनराइजर्स के पास गेंदबाजी विभाग में कप्तान पैट कमिंस और मोहम्मद शमी जैसे अनुभवी तेज गेंदबाज हैं जबकि स्पिन विभाग की जिम्मेदारी ऑस्ट्रेलिया के एडम जंपा संभालेंगे।

सनराइजर्स की टीम राजस्थान रॉयल्स की तुलना में काफी बेहतर नजर आती है। राजस्थान को अपने कप्तान संजू सैमसन की भी कमी खलेगी जो उंगली में चोट के कारण विकेटकीपिंग और क्षेत्ररक्षण नहीं कर पाएंगे। अगर वहां इंपैक्ट प्लेयर के रूप में उतरते हैं तो किसी को इस पर हैरानी नहीं होगी। सैमसन की अनुपस्थिति में पहले तीन मैच में रियान पराग राजस्थान की कप्तानी करेंगे।

इंग्लैंड के बल्लेबाज जोस बटलर को इस बार राजस्थान में अपनी टीम में शामिल नहीं किया है। उनकी अनुपस्थिति में बल्लेबाजी में शिम्रोन हेटमायर, ध्रुव जुरेल, नितीश राणा और यशस्वी जायसवाल को महत्वपूर्ण भूमिका निभानी होगी। इन दोनों टीमों के बीच पिछले सत्र में दो मैच खेले गए थे। इन दोनों मैच में सनराइजर्स ने जीत हासिल की थी। इससे उसकी टीम अधिक आत्मविश्वास के साथ मैदान पर उतरेगी।

राजस्थान और हैदराबाद टीम इस प्रकार

सनराइजर्स हैदराबाद

पैट कमिंस (कप्तान), ट्रैविस हेड, ईशान किशन, हेनरिक क्लासेन, अभिषेक शर्मा, सचिन बेबी, मोहम्मद शमी, एडम जाम्पा, अनिकेत वर्मा, अभिनव मनोहर, राहुल चाहर, ईशान मलिंगा, हर्षल पटेल, कामिंडु मेंडिस, वियान मुल्डर, नितीश कुमार रेड्डी, अथर्व तायडे, ब्रायडन कार्से, सिमरजीत सिंह, जयदेव उनादकट, जीशान अंसारी।

राजस्थान रॉयल्स

रियान पराग (कप्तान), संजू सैमसन, शुभम दुबे, शिम्रोन हेटमायर, यशस्वी जयसवाल, ध्रुव जुरेल, नितीश राणा, कुणाल सिंह राठौड़, वैभव सूर्यवंशी, वानिंदु हसरंगा, जोफ्रा आर्चर, अशोक शर्मा, तुषार देशपांडे, फजलहक फारूकी, कुमार कार्तिकेय, आकाश मधवाल, क्वेना मफाका, संदीप शर्मा, महेश थीक्षाना, युद्धवीर सिंह।

मैच: भारतीय समयानुसार दोपहर 3:30 बजे शुरू होगा।

(भाषा)

Shekhar Jha
शेखर झाauthor

शेखर झा टाइम्स नाउ हिंदी (Timesnowhindi.com) की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। वे मूल रूप से बिहार के मिथिलांचल से हैं। मूल रूप से बिहार के मधुबनी के रहने वाले शेखर ने शौकिया तौर पर साल 2011 में पत्रकारिता की दुनिया में कदम रखा। ये शौक वक्त के साथ जूनुन में बदल गया। उनके पास खेल पत्रकारिता का 12 साल का अनुभव है। क्रिकेट के अलावा टेनिस, कबड्डी और बैडमिंटन में खास रुचि है। खिलाड़ियों की बायोग्राफी पढ़ना उन्हें पसंद हैं। शेखर ने सुरेश रैना, संजय बांगड़, दीप्ति शर्मा, राधा यादव जैसे नामचीन भारतीय क्रिकेटरों सहित बैडमिंटन के स्टार भारतीय खिलाड़ियों लक्ष्य सेन, सात्विकसाईराज रैंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी के एक्सक्लूसिव इंटरव्यू किए हैं। शेखर की प्रारंभिक शिक्षा बिहार में हुई। बिहार बोर्ड से 12वीं की परीक्षा पास करने के बाद वो आगे की पढ़ाई के लिए छत्तीसगढ़ पहुंचे जहां उनका पत्रकारिता से पहला परिचय हुआ। रायपुर के अग्रसेन कॉलेज में ग्रेजुएशन करते हुए पत्रकारिता का काम शुरू किया और इसके बाद रायपुर स्थित कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्धालय से पत्राकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन किया और बतौर प्रोफेशनल अपने करियर की शुरुआत की। शेखर ने पत्रकारिता करियर की शुरुआत साल 2011 में ईटीवी छत्तीसगढ़/मध्यप्रदेश के साथ की। इस संस्थान में 6 महीने काम करने के बाद उन्होंने स्थानीय अखबार नेशनल लुक के साथ प्रिंट मीडिया में कदम रखा। इसके बाद राजस्थान पत्रिका समूह के छत्तीसगढ़ संस्करण से जुड़े और वहां तीन साल तक बतौर सब-एडिटर/रिपोर्टर सेवाएं दीं। इसके बाद भारत के सबसे बड़े प्रिंट मीडिया समूह दैनिक भास्कर के डीबी स्टार में रिपोर्टर की भूमिका अदा की और कई बड़े खुलासे स्थानीय स्तर पर किए। इसके बाद अपमे गृह राज्य बिहार की राजधानी पटना में दैनिक जागरण समूह के आईनेक्स्ट वेंचर से जुड़े। 8 महीने के छोटे कार्यकाल के बाद दैनिक भास्कर के रायपुर संस्करण में बतौर रिपोर्टर वापसी हुई। रायपुर में दूसरी पारी के तीन साल के कार्यकाल के सफल निर्वहन के बाद मैनेजमेंट ने भास्कर के भोपाल स्थित नेशनल न्यूजरूम में ट्रांसफर कर दिया। जहां 17 महीने स्पोर्ट्स डेस्क पर बड़े इवेंट्स पर काम किया। इस दौरान इंडियन प्रीमियर लीग, टोक्यो ओलंपिक जैसे बड़े खेल आयोजन का व्यापक कवरेज किया। भास्कर के नेशनल न्यूज रूम में डिजिटल जर्नलिज्म का ककहरा सीखने के बाद फरवरी,2023 में टाइम्स ग्रुप के साथ जुड़ने का मौका मिला। तब से वह टाइम्स नाउ नवभारत की हिंदी वेबसाइट की स्पोर्ट्स डेस्क पर बतौर प्रिंसिपल कॉरस्पान्डन्ट कार्यरत हैं। इस दौरान शेखर ने इंडियन प्रीमियर लीग, आईसीसी वर्ल्ड कप 2023 को कवर किया।

और पढ़ें
End of Article