क्रिकेट

IPL 2024: मुंबई इंडियन्स के खिलाफ केकेआर के संकटमोटक बने वेंकटेश अय्यर, जड़ा अर्धशतक

बांए हाथ के बल्लेबाज वेंकटेश अय्यर ने शुक्रवार को मुंबई इंडियन्स के खिलाफ संकट की घड़ी में शानदार अर्धशतकीय पारी खेली और टीम को 169 रन के प्रतिस्पर्धी स्कोर तक ले जाने में अहम भूमिका अदा की।

Image

वेंकटेश अय्यर(साभार IPL/BCCI)

KEY HIGHLIGHTS
  • वेंकटेश अय्यर ने खेली 52 गेंद में 70 रन की पारी
  • 57 रन पर केकेआर ने गंवा दिए थे 5 विकेट
  • ऐसी मुश्किल में कोलकाता के संकट मोचक बने वेंंकटेश

Venkatesh Iyer Fifty: बांए हाथ के बल्लेबाज वेंकटेश अय्यर ने शुक्रवार को मुंबई इंडियन्स के खिलाफ संकट की घड़ी में शानदार अर्धशतकीय पारी खेली और टीम को 3 विकेट पर 28 रन के स्कोर से 169 रन तक लेकर गए। टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी कोलकाता नाइट राइडर्स की शुरुआत बेहद खराब रही। नुवान तुषारा और हार्दिक पांड्या की कहर बरपाती गेंदों का सामना केकेआर का टॉप ऑर्डर नहीं कर पाया। फिल साल्ट(5) और अंगकृष रघुवंशी(13)और कप्तान श्रेयस अय्यर(6)को तुषारा ने पवेलियन वापस भेज दिया।

केकेआर ने 28 रन पर गंवा दिए थे तीन विकेट

3 ओवर में 28 रन पर 3 विकेट गंवाने के बाद बल्लेबाजी करने वेंकटेश अय्यर उतरे। दूसरे छोर पर खड़े सुनील नरने को हार्दिक पांड्या ने बोल्ड करके मुंबई को चौथी सफलता दिलाई। नरेन (8) रन बना सके। इसके बाद रिंकू सिंह को भी पीयूष चावला ने अपने स्पेल की पहली ही गेंद पर फॉलो थ्रू में लपक लिया। रिंकू 9 रन बना सके।

57 रन पर आधी टीम लौट चुकी थी पवेलियन

6.1 ओवर में 57 रन के स्कोर पर केकेआर की आधी टीम पवेलियन लौट चुकी थी। एक छोर पर खड़े वेंकटेश विकेटों की झड़ी देख रहे थे लेकिन उन्होंने पॉवरप्ले खत्म होने के बाद इम्पैक्ट प्लेयर के रूप में बल्लेबाजी करने आए मनीष पांडे के साथ मोर्चा संभाला। दोनों ने टीम को 11.5 ओवर में 100 रन के पार पहुंचा दिया। दोनों के बीच छठे विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी 38 गेंद में पूरी हुई। इस साझेदारी में वेंकटेश ने 30 रन का योगदान दिया।

अय्यर ने संकट में जड़ा 36 गेंद में अर्धशतक

टीम के स्कोर को बढ़ाते हुए अय्यर ने 36 गेंद में 5 चौके और एक छक्के की मदद से अपना अर्धशतक पूरा कर लिया। लेकिन 17वें ओवर की दूसरी गेंद पर मनीष पांडे 31 गेंद में 42 रन बनाकर पांड्या का दूसरा शिकार बने। इसके बाद एक बार फिर केकेआर के विकेटों की झड़ी लग गई लेकिन वेंकटेश फिर भी पिच पर डटे रहे। जसप्रीत बुमराह की कहर बरपाती गेंदों का सामना करते हुए उन्होंने स्कोर को 169 रन के स्कोर तक पहुंचाया लेकिन 20वें ओवर की पांचवीं गेंद पर बोल्ड हो गए और इसी के साथ केकेआर की पारी का अंत हो गया। अय्यर ने 52 गेंद में 70 रन की पारी खेली। इस दौरान उन्होंने 6 चौके और 3 छक्के जड़े।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article